Virat Kohli: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा इस खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान दोनों ही बल्लेबाज संघर्ष करते हुए नजर आए थे, जिसके बाद उन पर काफी सवाल खड़े हुए थे। इसी बीच इंग्लैंड के बल्लेबाज जेम्स विंस ने विराट कोहली और रोहित शर्मा का समर्थन करते हुए कहा है कि वो टेस्ट क्रिकेट में जल्द ही अपनी फॉर्म को हासिल कर लेंगे।
रोहित और विराट कोहली की फॉर्म को लेकर कही ये बात
टीम इंडिया को अगली टेस्ट सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ खेलनी है। ऐसे में इंग्लैंड में हालात को लेकर बात करते हुए उन्होंने कहा, “इसका अनुमान लगाना मुश्किल है। इंग्लैंड की परिस्थितियां गेंदबाजों के अनुकूल हो सकती हैं, लेकिन कुछ दिनों में वो बल्लेबाजों के लिए भी मददगार हो सकती हैं। ”
रोहित और विराट कोहली को लेकर बात करते हुए उन्होंने कहा, “विराट और रोहित जैसे खिलाड़ियों की प्रतिभा पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। अगर उनमें अभी भी टेस्ट क्रिकेट खेलने की भूख और इच्छा है, तो वो अच्छा प्रदर्शन करने का कोई न कोई तरीका ढूंढ ही लेंगे।”
उन्होंने आगे कहा, “हम इस तरह के खिलाड़ियों को लंबे समय तक खराब दौर से गुजरते हुए देखने के आदी नहीं हैं, लेकिन यह दिखाता है कि वो भी इंसान हैं। मुझे यकीन है कि वो मजबूती से वापसी करेंगे।”
इंग्लैंड के खिलाफ जून में खेलनी है टेस्ट सीरीज
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया में मिली हार के बाद भारत का अगला टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है। टीम इंडिया को जून में इंग्लैंड का दौरा करना है। इस सीरीज का पहला मैच 20-24 जून तक हेडिंग्ले, लीड्स में खेला जाएगा। इसके बाद एजबेस्टन, बर्मिंघम (2-6 जुलाई), लॉर्ड्स (10-14 जुलाई), ओल्ड ट्रैफर्ड, मैनचेस्टर (23-27 जुलाई) और द ओवल (31 जुलाई-4 अगस्त) में टेस्ट मैच खेले जाएंगे।