---विज्ञापन---

खेल angle-right

DC vs PBKS: केएल राहुल के शतक पर भारी पड़ा श्रेयस अय्यर का अर्धशतक, पंजाब किंग्स ने दर्ज की ऐतिहासिक जीत

DC vs PBKS: पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से मात दी. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पंजाब की टीम ने 265 रनों का बड़ा लक्ष्य 18.5 ओवर्स में ही हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. कप्तान श्रेयस अय्यर पंजाब की इस जीत के असली हीरो बने.

---विज्ञापन---

IPL 2026, DC vs PBKS: आईपीएल 2026 के 35वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हरा दिया. अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने केएल राहुल के धमाकेदार शतक के दम पर 265 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में पंजाब की टीम ने 18.5 ओवर में ही 4 विकेट पर 265 रन बनाकर मैच जीत लिया. पंजाब की इस जीत के हीरो कप्तान श्रेयस अय्यर रहे, जिन्होंने सिर्फ 36 गेंदों पर नाबाद 71 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई. यह आईपीएल इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज है.

श्रेयस अय्यर ने पंजाब को दिलाई ऐतिहासिक जीत

265 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स को ओपनर्स प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने दमदार शुरुआत दिलाई. प्रियांश और प्रभसिमरन ने मिलकर पहले विकेट के लिए 126 रनों की साझेदारी. प्रियांश 17 गेंदों पर 43 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद प्रभसिमरन भी 26 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौट गए. वहीं, तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कूपर कोनोली सिर्फ 17 रन बनाकर आउट हो गए. हालांकि, इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने नेहल वढेरा के साथ मिलकर पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 56 रनों की साझेदारी की.

---विज्ञापन---

वढेरा 15 गेंदों पर 25 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि श्रेयस क्रीज पर टिके रहे और शानदार अर्धशतकीय पारी खेलकर टीम को जीत दिला दी. श्रेयस ने 36 गेंदों पर नाबाद 71 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने 3 चौके और 7 छक्के लगाए. उनके साथ शशांक सिंह ने 10 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाए. श्रेयस की तूफानी पारी के बदौलत पंजाब ने 18.5 ओवर में ही 4 विकेट पर 265 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. 264 रनों बड़ा टारगेट चेज कर पंजाब ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया, जो उसने 2024 में KKR के खिलाफ 261 रनों का पीछा करते हुए बनाया था. पंजाब की ये 7 मैचों में छठी जीत है और सीजन में टीम अब तक अजेय है.

ये भी पढ़ें- DC vs PBKS: सेंचुरी से चूके, लेकिन मचाया धमाल, इस एलीट रिकॉर्ड क्लब में शामिल हुए नीतीश राणा

केएल राहुल की शतकीय पारी गई बेकार

इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसे टीम के बल्लेबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया. हालांकि, दिल्ली की शुरुआत अच्छी नहीं रही और ओपनर पथुम निसांका सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए. उन्हें तीसरे ओवर में अर्शदीप सिंह ने पवेलियन भेजा. लेकिन इसके बाद दिल्ली के बल्लेबाज पंजाब के गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी हो गए. केएल राहुल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 47 गेंदों पर तूफानी शतक जड़ दिया.

---विज्ञापन---

राहुल ने पंजाब के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए 67 गेंदों में 152 रनों की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 9 छक्के और 16 चौके शामिल थे. यह IPL में किसी भारतीय द्वारा अब तक सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. राहुल के अलावा, नितीश राणा ने भी 44 गेंदों 91 रनों की शानदार पारी खेली, हालांकि वह अपना शतक पूरा नहीं कर सके. राहुल की इस ऐतिहासिक पारी के दम पर दिल्ली ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 264 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. वहीं, पंजाब की ओर से अर्शदीप सिंह और जेवियर बार्टलेट ने 1-1 विकेट हासिल किया.

ये भी पढ़ें- KL Rahul ने रचा नया इतिहास, धमाकेदार शतक के साथ बना डाले 7 बड़े रिकॉर्ड

---विज्ञापन---

First published on: Apr 25, 2026 07:52 PM

End of Article

About the Author

Sanjeet

संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद 2022 में Prabhat Khabar, रांची से पत्रकारिता का सफर शुरू किया. फिर SportzWiki में लगभग डेढ़ साल काम करने के बाद News24 में पहुंचे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं.

Read More
---विज्ञापन---
संबंधित खबरें
Sponsored Links by Taboola