IPL 2025 Dates: इंडियन प्रीमियर लीग के 18वें सीजन को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। आईपीएल 2025 की शुरुआत 21 मार्च से होगी। वहीं, टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 25 मई को ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेला जाएगा। आईएनएस के साथ बातचीत करते हुए आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आईपीएल 2025 के शेड्यूल का ऐलान भी जल्द ही किया जाएगा। पिछले सीजन कोलकाता नाइट राइडर्स ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए खिताब को अपने नाम किया था।
21 मार्च से आईपीएल 2025 का आगाज
आईपीएल 2025 का घमासान 21 मार्च से होगा। आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने आईएनएस के साथ बातचीत करते हुए बताया, “देखिए आईपीएल सीजन की शुरुआत मार्च में होगी। टूर्नामेंट का आगाज 21 मार्च से होगा। इसके साथ ही शेड्यूल का ऐलान भी जल्द किया जाएगा। नहीं, नियमों में किसी भी तरह के बदलाव नहीं किए गए हैं। आईपीएल वर्ल्ड की सबसे महत्वपूर्ण क्रिकेट लीग है, जहां विश्वभर के प्लेयर्स आकर खेलते हैं।” आईपीएल के इस सीजन में हर टीम नए अवतार में दिखेगी। मेगा ऑक्शन में हर टीम ने कई नए खिलाड़ियों पर दांव खेला है, जो इस बार धमाल मचाते हुए दिखाई देंगे। ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करते हुए दिखाई देंगे, तो श्रेयर अय्यर के हाथों में पंजाब किंग्स की कमान होगी।
केकेआर डिफेंडिंग चैंपियन
कोलकाता नाइट राइडर्स ने पिछले सीजन आईपीएल 2025 का खिताब अपने नाम किया था। केकेआर ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेलते हुए टूर्नामेंट में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। टीम ने फाइनल मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को 8 विकेट से पटखनी दी थी। टीम की ओर से सुनील नरेन, वेंकटेश अय्यर, फिल सॉल्ट और कप्तान श्रेयस का प्रदर्शन बल्ले से शानदार रहा था। नरेन ने 14 मैचों में 180 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 488 रन ठोके थे। इसके साथ ही उन्होंने 17 विकेट भी अपने नाम किए थे। वहीं, सॉल्ट ने भी12 मैचों में 435 ठोके थे। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती की फिरकी का जादू सिर चढ़कर बोला था और उन्होंने 21 विकेट निकाले थे।