Sanju Samson: आईपीएल 2025 के तीन मैचों के लिए विकेटकीपिंग से परहेज करने के बाद राजस्थान रॉयल्स के नियमित कप्तान संजू सैमसन ने अब बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CeO) का रुख किया है। पूरी तरह फिट नहीं होने की वजह से ही उन्हें पहले तीन मैचों के लिए विकेटकीपिंग और कप्तानी की जिम्मेदारी छोड़नी पड़ी थी। ऐसा होने पर रियान पराग ने कप्तानी का जिम्मा संभाला था। चूंकि, अब सैमसन चोट से काफी हद तक उबर चुके हैं, इसलिए उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में जाकर अपनी फिटनेस का आकलन करवाने और विकेटकीपिंग की परमिशन लेने का फैसला किया है।
सैमसन इस कड़ी में सोमवार को गुवाहाटी से बेंगलुरु पहुंचे। अगर उन्हें यहां मंजूरी मिल जाती है, तो वे न केवल अगले मैचों में विकेटकीपिंग करते नजर आएंगे, बल्कि राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी भी दोबारा संभालेंगे। उनको लेकर ‘क्रिकबज’ की एक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि उनके अंगूठे की चोट पूरी तरह से ठीक हो गई है और वह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालने के लिए पर्याप्त रूप से फिट महसूस कर रहे हैं। सूत्र ने कहा, ‘वह आईपीएल के अगले मैचों में विकेटकीपिंग के लिए मंजूरी मांगेंगे और उम्मीद है कि पंजाब किंग्स के खिलाफ पांच अप्रैल को होने वाले मैच में वो बतौर कप्तान भी नजर आएंगे।
ऐसा रहा है संजू का प्रदर्शन
इस आईपीएल सीजन बतौर बल्लेबाज खेले सैमसन अब तक तीन मैचों में 99 रन बना चुके हैं। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले मैच में 37 गेंदों पर 66 रनों की तूफानी पारी खेली थी, जिसमें सात चौके और चार छक्के शामिल थे। उन्होंने इसके बाद कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी मैच खेला और क्रमश: 13 और 20 रन बनाए। उनकी गैरमौजूदगी में ध्रुव जुरेल ने टीम के लिए विकेटकीपिंग की।
राजस्थान टीम का ऐसा रहा है प्रदर्शन
रॉयल्स ने इस सीजन खराब शुरुआत की और हैदराबाद और कोलकाता के खिलाफ शुरुआती दोनों मैच गंवाए। हालांकि टीम ने चेन्नई के खिलाफ अपने आखिरी मैच में जीत की राह पर लौटते हुए छह रन से करीबी मुकाबला जीता। इस मैच में टीम के लिए नितीश राणा ने 81 रनों की जोरदार पारी खेली। उन्हें इस मैच जिताऊ पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। टीम को अब अगले मुकाबले में पांच अप्रैल को पंजाब किंग्स से भिड़ना है।