Nicholas Pooran IPL 2025: भारत में इस समय आईपीएल 2025 का क्रेज जारी है, जहां फैंस को रोमांचक मैच देखने को मिले हैं। आईपीएल को 18 साल पूरे हो चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी फैंस के बीच इसकी जमकर दीवानगी देखने को मिलती है। इस लीग में 12 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और गुजरात टाइटंस के बीच लखनऊ में मैच खेला गया था, जहां घरेलू टीम को छह विकेट से जीत मिली थी। हालांकि ऋषभ पंत की अगुवाई वाली टीम की जीत उस समय फीकी पड़ गई, जब निकोलस पूरन के एक छक्के से टीम का एक फैन घायल हो गया।
घायल फैन को इसके बाद तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर पर पट्टी बंधी हुई थी। हालांकि उस फैन ने गजब की दीवानगी दिखाते हुए तुरंत स्टेडियम में वापस जाने का फैसला किया, जिसने सभी का दिल जीत लिया। उनका यह वीडियो उस समय वायरल वीडियो में से एक था। लेकिन अब पूरन ने जीत जीतने वाला काम किया है और अपने और लखनऊ के सबसे खास फैन से मुलाकात की है और उन्हें साइन की हुई कैप गिफ्ट में दी है। उनका यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
पूरन से गिफ्ट पाकर खुश हो गया फैन
पूरन से यह गिफ्ट पाकर वो फैन काफी खुश नजर आ रहा है। उनसे जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरन सर से बात करके काफी अच्छा लगा। उन्होंने मुझे बुलाया। मैं मंगलवार को टीम का मैच देखने के लिए आ रहा हूं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘छक्का आ जाए, सर फूट जाए, कोई दिक्कत नहीं है। बस अपनी लखनऊ की टीम जीतती रहनी चाहिए। उस दिन टीम हमारी जीती थी। इस बात की खुशी थी। अपनी यह टीम, ट्रॉफी की ड्रीम।’
घर में दिल्ली से खेलेगी लखनऊ की टीम
पंत की अगुवाई वाली लखनऊ की टीम इस समय आठ मैचों में पांच जीत के साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर है। टीम को मंगलवार को घर में दिल्ली कैपिटल्स से खेलना है। टीम अगर इस मैच में जीत जाती है तो वह पॉइंट्स टेबल में लंबी छलांग लगाकर दूसरे नंबर पर पहुंच जाएगी।