IPL 2025: मुंबई इंडियंस के नियमित कप्तान हार्दिक पांड्या पहले मैच में नहीं खेल पाएंगे। पिछले सीजन में स्लो ओवर रेट के कारण उन पर एक मैच का बैन लगाया गया था। चूंकि यह बैन तब लगा जब मुंबई इंडियंस ने अपने सभी मुकाबले पूरे कर लिए थे, इसलिए अब यह प्रतिबंध आईपीएल 2025 में लागू होगा। हार्दिक ने यह भी बताया कि उनकी गैरमौजूदगी में पहले मैच में सूर्यकुमार यादव टीम की कप्तानी करेंगे। आइए जानते हैं कि अब तक मुंबई इंडियंस के लिए टी20 में किन-किन खिलाड़ियों ने कप्तानी की है।
अब तक 9 खिलाड़ियों ने संभाली कप्तानी
मुंबई इंडियंस की टीम के लिए अब तक कुल 9 खिलाड़ी टी20 में कप्तानी कर चुके हैं। खास बात यह है कि सूर्यकुमार यादव भी पहले एक मैच में टीम की कमान संभाल चुके हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस को जीत मिली थी। अब तक मुंबई इंडियंस के लिए रोहित शर्मा, सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह, हार्दिक पांड्या, कीरोन पोलार्ड, रिकी पोंटिंग, शॉन पोलॉक, ड्वेन ब्रावो और सूर्यकुमार यादव कप्तानी कर चुके हैं।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई ने जीते 5 खिताब
मुंबई इंडियंस की कप्तानी का रिकॉर्ड देखें तो सबसे ज्यादा मैचों में रोहित शर्मा ने टीम की कमान संभाली है। उन्होंने कुल 163 मैचों में मुंबई की कप्तानी की, जिसमें 91 मुकाबलों में जीत और 68 मैचों में हार का सामना करना पड़ा। रोहित शर्मा अकेले ऐसे कप्तान हैं, जिन्होंने मुंबई इंडियंस के लिए 100 से ज्यादा मैचों में कप्तानी की है। उनकी अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने 5 बार आईपीएल खिताब जीता। वहीं, महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मुंबई इंडियंस के लिए 55 मैचों में कप्तानी की थी।
MI के लिए टी20 में कप्तानी करने वाले सभी प्लेयर्स
- रोहित शर्मा- 163 मैच
- सचिन तेंदुलकर- 55 मैच
- हरभजन सिंह- 30 मैच
- हार्दिक पांड्या- 14 मैच
- कीरोन पोलार्ड- 9 मैच
- रिकी पोंटिंग- 6 मैच
- शॉन पोलॉक- 4 मैच
- ड्वेन ब्रावो- एक मैच
- सूर्यकुमार यादव- एक मैच
पिछले सीजन मुंबई इंडियंस की कप्तानी हार्दिक पांड्या ने संभाली थी, लेकिन टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। मुंबई ने उस सीजन में सिर्फ चार मैच जीते और पॉइंट्स टेबल में अंतिम स्थान पर रही। हालांकि, मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजियों में से एक है और उसका एक मजबूत फैन बेस है। इस सीजन में टीम की नजरें खिताब जीतने पर टिकी होंगी।