IPL 2024 Ishan Kishan First Team : ईशान किशन इस समय अपनी आईपीएल 2024 की तैयारियों में लगे हुए हैं। इसके अलावा वह साउथ अफ्रीका दौरे से बाहर होने के बाद हाल ही में डोमेस्टिक क्रिकेट खेलते हुए नजर आए थे। हालांकि वह कुछ ज्यादा कमाल नहीं दिखा पाए और सिर्फ 12 गेंदों पर 19 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
बता दें की आईपीएल में धमाल मचाने वाले ईशान किशन ने डेब्यू मुंबई इंडियंस के लिए नहीं किया था, बल्कि उन्होंने अपना डेब्यू मैच 2016 में एक ऐसी टीम से खेला था, जो अब आईपीएल का हिस्सा नहीं है। उस टीम ने आईपीएल 2016 में पहली बार भाग लिया था। जबकि 2018 में वह आखिरी बार खेलते हुए दिखाई दी थी। चलिए आपको बताते हैं कौन सी है वह टीम जिससे ईशान किशन ने किया था डेब्यू।
गुजरात लायंस के लिए किया था डेब्यू
ईशान किशन ने 2016 में पहली बार आईपीएल में कदम रखा था। उसी साल 2016 में गुजरात लायंस ने भी पहली बार बतौर फ्रेंचाइजी आईपीएल में भाग लिया था। ईशान किशन को आईपीएल ऑक्शन में 35 लाख में खरीदा था। जिसके बाद से उन्होंने इस टीम के लिए 2016 और 2017 का सीजन खेला था। ईशान किशन ने गुजरात लायंस के लिए कुल 16 मैच खेले थे। जिसमें उनके बल्ले से सिर्फ 319 रन ही निकले थे। हालांकि 2017 के बाद गुजरात लायंस बाहर हो गई थी और 2022 में गुजरात टाइटंस के नाम से एक नई टीम ने आईपीएल में कदम रखा था।
2018 में मुंबई इंडियंस खरीदा
ईशान किशन को 2018 में मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम में शामिल किया था। ईशान किशन को उस समय मुंबई इंडियंस ने 6 करोड़ 20 लाख की राशि के साथ इस विकेटकीपर बल्लेबाज को टीम में शामिल किया था। जिसके बाद से वह अब तक आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए 6 सीजन खेल चुके हैं। ईशान किशन को 2022 के बाद से मुंबई इंडियंस के लिए खेलने के लिए 15.25 करोड़ रुपए मिलते हैं। आईपीएल 2024 में एक बार फि ईशान मुंबई इंडियंस के साथ हैं। अब देखने यह होगा कि वह इस सीजन आईपीएल 2024 में क्या धमाल मचा पाते हैं।
विवादों में घिरे ईशान
आईपीएल 2024 से पहले ईशान किशन विवाद से घिरे हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल साउथ अफ्रीका दौरे पर चुने जाने के बाद ईशान ने मानसिक थकान के चलते बीसीसीआई से आराम की मांग की थी। जिसके बाद वह दौरे वापस स्वदेश आ गए थे। फिर उसके बाद ईशान किशन को अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया था। जबकि ईशान को इंग्लैंड के खिलाफ भी बाहर कर दिया गया था और उनकी जगह युवा बल्लेबाज ध्रुव जुरेल को मौका दिया गया था। ईशान काफी समय से डोमेस्टिक क्रिकेट भी नहीं खेल रहे हैं। जबकि अब उन्हें सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट 2023-24 से भी बाहर कर दिया गया है।