India vs England 4th Test: रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद शुभमन गिल इंग्लैंड दौरे पर टीम इंडिया की कप्तानी कर रहे हैं। इंग्लैंड में भारतीय टीम इंग्लैंड के साथ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेल रही है, सीरीज का चौथा मैच मैनचेस्टर में खेला जा रहा है। फिलहाल टीम इंडिया सीरीज में 1-2 से पीछे चल रही है। वहीं मैनचेस्टर टेस्ट के दूसरे दिन शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया के नाम एक ‘कलंक’ जुड़ गया। टेस्ट क्रिकेट में 34 साल के बाद टीम इंडिया के साथ ऐसा हुआ है।
गिल की कप्तानी में लगा ‘कलंक’
इंग्लैंड दौरे से शुभमन गिल ने अपने कप्तानी करियर की शुरुआत की। बल्लेबाजी में भी उनका प्रदर्शन कमाल का रहा है, लेकिन उनकी कप्तानी में 34 साल के बाद एक दाग लगा है। मैनचेस्टर टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 150 रनों से ज्यादा की साझेदारी की थी।
ये इस टेस्ट सीरीज में दूसरी बार देखने को मिला है, जब इंग्लैंड की सलामी जोड़ी ने 150 रनों से ज्यादा की साझेदारी की हो। 34 साल बाद ऐसा देखने को मिला है कि जब टीम इंडिया के खिलाफ विपक्षी टीम की सलामी जोड़ी ने 2 बार 150 रनों से ज्यादा की साझेदारी की हो। साल 1990 में पहली बार ऐसा देखने को मिला था।
दूसरे दिन इंग्लैंड ने बनाए थे 225 रन
टीम इंडिया ने पहली पारी में बल्लेबाजी करते हुए 358 रन बनाए थे। इंग्लैंड की तरफ से गेंदबाजी करते हुए कप्तान बेन स्टोक्स ने सबसे ज्यादा 5 विकेट चटकाए थे। इसके बाद दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने 2 विकेट के नुकसान पर 225 रन बना लिए थे। इंग्लैंड को ये 2 झटके बेन डकेट 94 रन और जैक क्रॉली 84 रन के रूप में लगे थे। जैक क्रॉली को रवींद्र जडेजा, जबकि बेन डकेट को डेब्यूटेंट अंशुल कंबोज ने पवेलियन का रास्ता दिखाया था।