Sitanshu Kotak on Ishan Kishan: भारत और वेस्टइंडीज के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शुक्रवार, 9 अक्टूबर को रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. पहले मैच में शानदार जीत दर्ज करने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब बढ़त को 2-0 करने पर होंगी. दूसरे टी20 मुकाबले में सबकी नजरें लोकल बॉय ईशान किशन पर रहेंगी, जो इस समय शानदार फॉर्म में चल रहे हैं. मुकाबले से पहले भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की जमकर तारीफ की है. कोटक ने ईशान के बल्लेबाजी में आए बदलाव की सराहना करते हुए उन्हें पहले से ज्यादा समझदार और मैच विनर खिलाड़ी बताया है.
सितांशु कोटक ने की ईशान किशन की जमकर तारीफ
वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने कहा कि ईशान किशन जिस भी मैदान पर खेलते हैं, उसे अपने घरेलू मैदान की तरह ही मानते हैं. उन्होंने ईशान की तारीफ करते हुए कहा कि, “एक बैटिंग कोच के तौर पर मैं यही कहूंगा कि ईशान जिस भी मैदान पर खेलते हैं, उसे अपना घरेलू मैदान ही मानते हैं. वर्ल्ड कप के बाद से वह भारतीय टीम के लिए हर परिस्थिति में काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.” बता दें कि, मूल रूप से पटना के रहने वाले 22 वर्षीय ईशान घरेलू क्रिकेट में झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हैं और रांची के मैदान पर कई मुकाबले खेल चुके हैं.
‘ईशान पहले ज्यादा मैच्योर हो गए हैं’
कोटक ने ईशान के शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा कि उस समय भी ईशान का खेल काफी आक्रामक था, लेकिन अब उनकी बल्लेबाजी में काफी परिपक्वता आई है. उन्होंने कहा, “जब ईशान युवा थे, तब मैंने उन्हें आईपीएल में गुजरात लायंस के साथ काम करते हुए देखा था. उस समय भी वह काफी आक्रामक क्रिकेट खेलते थे. लेकिन अब वह कहीं ज्यादा समझदार बल्लेबाज बन गए हैं. वह टीम की जरूरत और मैच की स्थिति के हिसाब से अपनी बल्लेबाजी करते हैं और अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. हमें उम्मीद है कि वह अपने घरेलू मैदान पर भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे.”
रांची की पिच से नहीं बदलेगा टीम इंडिया का अंदाज
सितांशु कोटक ने यह भी साफ किया कि रांची की पिच की परिस्थितियां भारतीय टीम के आक्रामक और निडर क्रिकेट खेलने के अंदाज को नहीं बदलेंगी. उन्होंने कहा कि टीम अपनी रणनीति के मुताबिक ही मैदान पर उतरेगी. कोटक ने कहा, “मुझे लगता है कि हम जिस निडर और टीम को प्राथमिकता देने वाले अंदाज के साथ खेल रहे हैं, उसी तरह आगे भी खेलेंगे. पिच की परिस्थितियां अलग हो सकती हैं, लेकिन टी20 में आमतौर पर हमें अच्छी पिच मिलती है. इसलिए हमारा तरीका वही रहेगा. हम उसी तरह टी20 खेलना चाहते हैं, वैसे ही खेलते रहेंगे.”
उन्होंने रांची की पिच को बल्लेबाजी के लिए अच्छी बताते हुए बड़े स्कोर की उम्मीद जताई. कोटक ने कहा, “मुझे लगता है कि यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच है और यहां ज्यादा रन बनने चाहिए.” वहीं, दूसरे टी20 के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन को लेकर कोटक ने कहा कि अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है. उन्होंने साफ किया कि टीम के 15 खिलाड़ियों में से किसी को भी अंतिम एकादश में शामिल किया जा सकता है.