India vs West Indies, Abhishek Sharma: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा एक बार फिर फ्लॉप साबित हुए. वेस्टइंडीज के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में भी अभिषेक का बल्ला नहीं चला. लगातार 3 मैचों में डक पर आउट होने के बाद अभिषेक ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में अर्धशतक जड़ा था. ऐसे में उनसे इस मैच में एक आतिशी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ वह 11 गेंदों पर सिर्फ 10 रन बनाकर आउट हो गए और टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा.
वेस्टइंडीज के खिलाफ भी नहीं चला अभिषेक का बल्ला
196 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को अभिषेक शर्मा से शानदार शुरुआत दिलाने की उम्मीद थी, लेकिन वह सस्ते में पवेलियन लौट गए और भारत को सिर्फ 29 रन पर पहला झटका लगा. अभिषेक को अकील हुसैन ने अपनी फिरकी में फंसा लिया. शिमरोन हेटमायर ने उनका कैच लपका. अभिषेक ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों का सामना किया और 90.90 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 10 रन बना सके. हालांकि, उनकी पारी में दो चौके शामिल रहे.
---विज्ञापन---
6 मैचों में 5वीं बार हुए फेल
25 साल के अभिषेक शर्मा टी20 वर्ल्ड कप में खेले 6 मैचों में 5वीं बार फ्लॉप हुए हैं. लगातार तीन मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद अभिषेक ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 15 रन बनाए थे. इसके बाद उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 गेंदों में 55 रन ठोककर जोरदार वापसी की थी. तब लगा था कि वह फॉर्म में लौट आए हैं. लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ जिस तरह से वह आउट हुए, उसने फैंस को निराश कर दिया. बता दें कि, अभिषेक टी20I क्रिकेट के नंबर-1 बल्लेबाज हैं और टी20 वर्ल्ड कप से पहले विस्फोटक बल्लेबाजी कर रहे थे. लेकिन वह इस टूर्नामेंट में अब तक कुछ खास नहीं कर पाए हैं.
---विज्ञापन---
ये भी पढ़ें- VIDEO: वरुण चक्रवर्ती की गूगली बनी शाई होप के लिए अबूझ पहेली, मिडल स्टंप उखाड़कर किया हैरान
वेस्टइंडीज ने भारत के सामने रखा 196 रनों का लक्ष्य
इस मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट पर 195 रनों का स्कोर खड़ा किया और भारत को जीत के लिए 196 रन का टारगेट दिया. वेस्टइंडीज को कप्तान शाई होप और रोस्टन चेज ने शानदार शुरुआत दिलाई. होप ने 33 गेंदों में 32 रन बनाए, जबकि चेज ने सिर्फ 25 गेंदों में 40 रन बना डाले. शिमरोन हेटमायर ने भी आते ही आक्रामक अंदाज दिखाया और 12 गेंदों में 27 रन बना डाले. इसके बाद रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने पारी को संभालते हुए जोरदार फिनिश दिया.
दोनों ने मिलकर महज 35 गेंदों में 76 रन जोड़ दिए. होल्डर 22 गेंदों में 37 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें 2 चौके और 3 छक्के शामिल थे. वहीं पॉवेल ने 19 गेंदों में 178 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 34 रन बनाए. वहीं, भारतीय गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 विकेट हासिल किए. जबकि हार्दिक पांड्या और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 विकेट मिला.