गॉल टेस्ट में गंभीर-गिल के फैसले पर पूर्व क्रिकेटर डोड्डा गणेश ने उठाए सवाल, बोले- ‘तीसरे दिन बैटिंग की क्या जरूरत थी?’
IND vs SL: भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट पर 460 रन बना लिए थे, लेकिन इसके बावजूद टीम तीसरे दिन भी बल्लेबाजी करने उतरी. हालांकि, टीम सिर्फ 4 गेंदें खेलकर 2 रन ही जोड़ सकी. पूर्व भारतीय क्रिकेटर डोड्डा गणेश ने टीम मैनेजमेंट के इस चौंकाने वाले फैसले पर सवाल उठाए हैं.
India vs Sri Lanka 1st Test: टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 462 रन बनाए. हालांकि, भारत ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट पर 460 रन बना लिए थे. उम्मीद थी कि भारतीय टीम तीसरे दिन (16 अगस्त) सुबह के पहले घंटे में नई गेंद और पिच की परिस्थितियों का फायदा उठाने के लिए दूसरे दिन के 460/9 के स्कोर पर ही पारी घोषित कर देगी. लेकिन टीम मैनेजमेंट ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए पारी को जारी रखा.
तीसरे दिन बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने सिर्फ चार गेंदें खेलीं और दो रन जोड़ने के बाद 116.4 ओवर में 462 रन पर ऑलआउट हो गई. प्रसिद्ध कृष्णा 2 रन बनाकर आउट होने वाले आखिरी भारतीय बल्लेबाज रहे, जबकि कुलदीप यादव 13 रन बनाकर नाबाद लौटे. मैनेजमेंट का यह एक डिफेंसिव फैसला था, लेकिन अब इस फैसले पर सवाल उठने लगे हैं. इसी फैसले पर पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज डोड्डा गणेश ने भी सवाल उठाए हैं.
---विज्ञापन---
‘तीसरे दिन बैटिंग की क्या जरूरत थी?’
पूर्व भारतीय क्रिकेटर डोड्डा गणेश ने तीसरे दिन भी बल्लेबाजी जारी रखने के टीम मैनेजमेंट के फैसले पर सवाल उठाए हैं. गणेश इस बात से खुश नहीं हैं कि भारत ने तीसरे दिन बल्लेबाजी करने का फैसला किया. उन्होंने हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल की रणनीति को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल पूछे हैं. गणेश ने सोमवार को एक्स पर लिखा, “आप तीसरे दिन सुबह दो पुछल्ले बल्लेबाजों के साथ बैटिंग क्यों करेंगे?”
Why would you bat on third day morning with two tail enders? #SLvIND
— Dodda Ganesh | ದೊಡ್ಡ ಗಣೇಶ್ (@doddaganesha) August 17, 2026
इससे पहले भी गणेश ने गंभीर-गिल की रणनीति पर सवाल उठाया था. दूसरे दिन भी उन्होंने टीम मैनेजमेंट के फैसले पर नाराजगी जताई थी. ध्रुव जुरेल के आउट होने के बाद भारत की पारी घोषित नहीं करने पर उन्होंने सवाल उठाते हुए लिखा था, “समझ में नहीं आता कि जुरेल के आउट होने के बाद भी हमने पारी घोषित क्यों नहीं की.”
---विज्ञापन---
Don’t understand why we haven’t declared even after Jurel’s dismissal #SLvIND
— Dodda Ganesh | ದೊಡ್ಡ ಗಣೇಶ್ (@doddaganesha) August 16, 2026
मैच की बात करें तो टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने देवदत्त पडिक्कल की 167 रनों की शानदार पारी की बदौलत पहली पारी में 462 रन बनाए. पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए 167 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 15 चौके और एक छक्का शामिल रहा. उनके अलावा, केएल राहुल ने 82 रन बनाए, जबकि ध्रुव जुरेल ने 51 रनों का अहम योगदान दिया. वहीं, श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए, जबकि केशरा नुवांथा ने 3 विकेट और असिथा फर्नाडो ने 2 विकेट हासिल किए.
हालांकि, भारत के 462 रन के जवाब में उतरी मेजबान श्रीलंका की शुरुआत खराब रही. बल्लेबाजी के बाद भारतीय टीम ने गेंदबाजी से भी शानदार प्रदर्शन किया और लंच ब्रेक तक श्रीलंका के 5 विकेट गिरा दिए. लंच तक श्रीलंकाई टीम ने 28 ओवर में 99 रन के स्कोर पर 5 विकेट खो दिए हैं और भारत ने मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है.
हिंदी न्यूज़/खेल/गॉल टेस्ट में गंभीर गिल के फैसले पर पूर्व क्रिकेटर डोड्डा गणेश ने उठाए सवाल, बोले ‘तीसरे दिन बैटिंग की क्या जरूरत थी?’
End of Article
About the Author
Sanjeet
संजीत कुमार News24 में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU), वाराणसी से जर्नलिज्म में परास्नातक की पढ़ाई पूरी की. मूलत: ज्ञान और मोक्ष की भूमि, गया (बिहार) के रहने वाले हैं और पिछले 4 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रहे हैं. क्रिकेट खेलना और देखना काफी पसंद है. क्रिकेट, हाॅकी और फुटबॉल जैसे खेलों में रुचि रखते हैं.