India vs Sri Lanka 1st Test: भारत के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के बीच श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है. टीम के अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल कन्कशन के कारण गॉल टेस्ट के बाकी मुकाबले से बाहर हो गए हैं. उनकी जगह पसिंदु सूरियाबंदारा को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर श्रीलंकाई टीम में शामिल किया गया है. दरअसल, 36 वर्षीय चांदीमल को मैच के चौथे दिन चोट के कारण मैदान से बाहर जाना पड़ा था. भारत की दूसरी पारी के चौथे ओवर के दौरान बाउंड्री बचाने की कोशिश में उन्होंने डाइव लगाई, लेकिन इस दौरान वह गलत तरीके से जमीन पर गिर गए और चोटिल हो गए.
उनका सिर जमीन से जोर से टकराया और उनके दाहिने कंधे और गर्दन में चोट लगी. चोट लगने के बाद चांदीमल काफी दर्द में नजर आए और कुछ देर तक मैदान पर ही अपनी गर्दन पकड़कर लेटे रहे. इसके बाद फिजियो ने उनकी चोट की जांच की और फिर उन्हें मैदान से सीधे अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में स्कैन के बाद चांदीमल को मैच से बाहर करने का फैसला किया गया.
श्रीलंका क्रिकेट ने जारी किया बयान
श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने आधिकारिक बयान जारी कर दिनेश चांदीमल की चोट और उनके रिप्लेसमेंट की जानकारी दी है. बोर्ड ने अपने बयान में बताया कि, ‘दिनेश चांदीमल की जगह ‘कन्कशन रिप्लेसमेंट’ के तौर पर पसिंदु सूरियाबंदारा आए हैं. चांदीमल को चौथे दिन के पहले सेशन में फील्डिंग करते समय चोट लगी. उनका कंधा और सिर जमीन पर जोर से लगा. उन्हें एहतियात के तौर पर स्कैन के लिए ले जाया गया, जिसमें अंदरूनी चोट नहीं आई. इसके बाद डॉक्टर और टीम फिजियोथेरेपिस्ट ने चांदीमल की कनकशन के लिए जांच की और उन्हें मैच से बाहर कर दिया. मैच रेफरी ने कनकशन रिप्लेसमेंट को मंजूरी दे दी है.”
बता दें कि, चांदीमल का यह श्रीलंका के लिए 93वां टेस्ट मैच है. चांदीमल ने दिसंबर 2011 में श्रीलंका के लिए टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने अब तक टेस्ट क्रिकेट में 6500 से ज्यादा रन बनाए हैं, जिसमें 16 शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं. हालांकि, चांदीमल के लिए गॉल टेस्ट बल्ले से भी अच्छा नहीं रहा. वह पहली पारी में महज 4 रन बनाकर आउट हो गए थे. अब उनकी जगह टीम में शामिल हुए 26 वर्षीय पसिंदु सूरियाबंदारा अपना टेस्ट डेब्यू कर सकते हैं. सूरियाबंदारा का फर्स्ट क्लास क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड है. उन्होंने अब तक खेले 68 फर्स्ट क्लास मैचों में 54.36 की औसत से रन बनाए हैं और 14 शतक जड़े हैं.
ये भी पढ़ें- IND vs SL: ऋषभ पंत ने धमाकेदार बल्लेबाजी करके रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय
श्रीलंका को मिला 372 रनों का लक्ष्य
वहीं, मैच की बात करें तो टीम इंडिया ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रनों का लक्ष्य रखा है. भारतीय टीम दूसरी पारी में चौथे दिन 48.5 ओवर में 193 रन बनाकर ऑलआउट हो गई. दूसरी पारी में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और यशस्वी जायसवाल बिना खाता खोले आउट हो गए. इसके बाद केएल राहुल ने 47 गेंदों में 35 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि कप्तान शुभमन गिल 20 गेंदों में सिर्फ 8 रन बना सके. वहीं, पहली पारी में शतक जड़ने वाले देवदत्त पडिक्कल दूसरी पारी में 75 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 44 रन बनाए. दूसरी पारी में भारत के लिए ऋषभ पंत ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए.
वहीं, टीम के 8 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा तक नहीं पार कर सके. श्रीलंका की ओर से असिता फर्नान्डो ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए और प्रभात जयसूर्या ने तीन विकेट हासिल किए. हालांकि, पहली पारी के आधार पर मिली 178 रनों की बढ़त के दम पर भारत ने मेजबान टीम के सामने 372 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा है. पहली पारी में टीम इंडिया ने 462 रन बनाए थे, जबकि श्रीलंका की टीम 282 रन पर सिमट गई थी.
ये भी पढ़ें- National Sports Awards का ऐलान, तेजस्विन-दिव्या समेत 17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवॉर्ड
संबंधित खबरें
मोहम्मद शमी ने अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर चौंकाया
1 hr agoजेमिमा रोड्रिग्स ने 45 गेंदों में तूफानी शतक जड़कर मचाया कोहराम
1 hr agoश्रेयस अय्यर का पिछले 3 साल में खराब रहा है वनडे रिकॉर्ड
1 hr agoWWE Crown Jewel 2026 के 4 मैचों के संभावित नतीजे लीक, रोमन के लिए बुरी खबर
2 hrs agoIPL 2027 से पहले 7 फ्रेंचाइजी बदल सकती है अपना कप्तान
2 hrs agoभारत और पाक के बीच दिवाली के दिन होगा महामुकाबला, मैच का समय कर लें नोट
3 hrs agoपुर्तगाल के लिए क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने हासिल की है कई बड़ी उपलब्धि
3 hrs agoटैक्स चोरी से फैंस का फोन गिराने तक, ये हैं रोनाल्डो के करियर के 5 विवाद
4 hrs agoवैभव सूर्यवंशी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लिए बने कप्तान
5 hrs agoICC का बड़ा ऐलान, नेपाल में होगा 2027 वर्ल्ड कप क्वालीफायर प्लेऑफ
5 hrs agoन्यूज 24 पर पढ़ें देश, राष्ट्रीय समाचार (National News), खेल, मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।
First published on:
Know More: Editorial Guidelines