India vs New Zealand: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच जारी है। पहला दिन बारिश की वजह से धुलने के बाद दूसरे दिन मैच समय से शुरू हुआ। मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का साहसिक फैसला लिया। यहां टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने तीन विकेट जल्दी गंवा दिए। इस दौरान विराट कोहली और सरफराज खान तो अपना खाता भी नहीं खोल सके। सरफराज को मैट हैनरी ने पवेलियन भेजा, जिनका डेवोन कॉनवे ने जोरदार कैच लिया।
कॉनवे के इस कैच को देखकर पूरी कीवी टीम के साथ-साथ दर्शक भी हैरान रह गए। हालांकि हैनरी को इस कैच पर हंसी आ गई। इस कैच का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। सरफराज के विकेट ने भारतीय खेमे को हैरान कर दिया। यह भारतीय पारी के 10वें ओवर की चौथी गेंद थी। सरफराज ने रोहित और विराट के आउट होने के बाद कीवी टीम के खिलाफ जवाबी हमला करने की कोशिश की, लेकिन कॉनवे के कैच ने उनकी पारी खत्म कर दी।
क्या न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मिलेगा सरफराज खान को मौका
सरफराज को गिल की जगह मिला मौका
इस मैच में शुभमन गिल की गर्दन में अकड़न के कारण पहले टेस्ट से बाहर होने के बाद सरफराज को टीम में शामिल किया गया था। पिछले महीने केएल राहुल के वापस आने के बाद सरफराज बांग्लादेश के खिलाफ भारत की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने में असफल रहे थे। लेकिन मुंबई के इस बल्लेबाज ने बाद में घरेलू क्रिकेट में जोरदार वापसी की और इस महीने की शुरुआत में रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाफ ईरानी कप मैच में 222 रनों की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली थी।
दोनों देशों की प्लेइंग XI
टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, सरफराज खान, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
न्यूजीलैंड की प्लेइंग इलेवन- टॉम लॉथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, विल यंग, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मैट हेनरी, टिम साउथी, एजाज पटेल और विलियम ओरोर्के।