IND vs ENG, 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच चौथा टेस्ट कल शुरू होने वाला है। यह मैच मैनचेस्टर में स्थित ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट ग्राउंड में देखने को मिलेगा। कुछ समय पहले खबर आई कि जसप्रीत बुमराह चौथा मैच खेलते हुए नजर आएंगे। ऐसे में बुमराह पर अपनी टीम को जीत दिलाने की अहम जिम्मेदारी होगी। पिछले 7 मैचों में इस तेज गेंदबाज का प्रदर्शन तारीफ के लायक रहा है। आइए उनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
जसप्रीत बुमराह ने पिछले 7 मैचों में गेंद से किया है कमाल
जसप्रीत बुमराह भारत के प्रमुख तेज गेंदबाज हैं और उनपर मैच में सबसे ज्यादा विकेट लेने की जिम्मेदारी होती है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला में उन्होंने पूरे 5 मैच खेले और इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में वो सिर्फ दो मैचों का हिस्सा बने हैं। जसप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया में 32 विकेट अपने नाम किए और अभी इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज में उन्होंने 12 विकेट झटके हैं।
ऑस्ट्रेलिया में जसप्रीत बुमराह थे भारत के अकेले सिपाही
ऑस्ट्रेलिया में जसप्रीत बुमराह को छोड़कर भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन काफी साधारण रहा था। उन्होंने पर्थ में हुए पहले मैच में 8, एडिलेड में दूसरे टेस्ट में 4 और सिडनी में हुए पांचवें मैच में 2 विकेट अपने नाम किए थे। तीसरे और चौथे में उन्होंने 9-9 विकेट दर्ज किए थे। ऑस्ट्रेलिया में वो 13.06 की औसत से 32 विकेट लेने में सफल हुए थे।
इंग्लैंड में जसप्रीत बुमराह ने मात्र दो मैच खेले हैं
जसप्रीत बुमराह इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में सिर्फ तीन मैच खेलने वाले हैं और अब तक 2 मुकाबलों में हिस्सा लिया है। उन्होंने लीड्स में हुए पहले मैच में 5 विकेट हासिल किए और लॉर्ड्स में 7 विकेट झटके। जसप्रीत ने दोनों मैचों में अपनी गेंदबाजी से कहर दिखाया।
बुमराह की मौजूदगी में 7 में से सिर्फ 1 मैच भारत ने जीता है
जसप्रीत बुमराह ने पिछले 7 मैचों में 44 विकेट भले ही लिए हैं लेकिन वो टीम को जीत के करीब नहीं ले जा पाए हैं। बुमराह की मौजूदगी में भारत ने सिर्फ पर्थ में मैच जीता था। इसके बाद से उन्होंने भारत के लिए जितने मैच खेले हैं, उसमें हार हुई है या ड्रॉ देखने को मिला है।