India vs Australia 2nd T20I: टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 4 विकेट से हार झेलनी पड़ी. मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी बेहद निराशाजनक रही और टीम सिर्फ 125 रनों पर सिमट गई थी. जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 13.2 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. इस हार के साथ ही टीम इंडिया का टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विनिंग स्ट्रीक टूट गया. इससे पहले भारतीय टीम ने लगातार 10 मैचों में जीत हासिल की थी, लेकिन 11वें मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत का विजय रथ रोक दिया.
टीम इंडिया को 17 साल बाद मेलबर्न में मिली हार
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 में हार के साथ ही भारतीय टीम का मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में 17 साल का विनिंग स्ट्रीक भी टूट गया. भारत को मेलबर्न के मैदान पर आखिरी बार साल 2008 में टी20I मैच में हार का सामना करन पड़ा था. इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है और टीम ने अब तक 7 मैचों में से 4 में जीत हासिल की है. वहीं, एक मैच बेनतीजा रहा है. भारत ने इस मैदान पर ऑस्ट्रेलिया को दो बार और पाकिस्तान-जिम्बाब्वे को 1-1 बार हराया है.
इसके साथ ही भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का भी विनिंग स्ट्रीक टूट गया. कप्तान सूर्या ने लगातार 9 टी20I मैचों में जीत दर्ज की थी और अब 10वें मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. भारत के लिए बतौर कप्तान लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है, जिन्होंने 2019 से 2022 के बीच लगातार 14 मैचों में जीत हासिल की थी.
शिवम-बुमराह का भी टूटा विनिंग स्ट्रीक
वहीं, इस हार के साथ शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह का भी जीत का सिलसिला रुक गया. दोनों खिलाड़ियों ने पिछले कुछ सालों में जितने भी टी20I मैच खेले हैं, उनमें भारत को जीत ही मिली है. शिवम भारत के लिए काफी लकी रहे हैं और जिनके टीम में रहते भारतीय टीम ने लगातार 37 मैचों में जीत हासिल की थी. यह टी20 इंटरनेशनल में किसी भी खिलाड़ी की सबसे लंबी विनिंग स्ट्रीक थी. लेकिन अब उनका भी विनिंग स्ट्रीक टूट गया है.
वहीं, 126 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 40 गेंद शेष रहते ही मैच जीत लिया. यह गेंदों के लिहाज से भारत की टी20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे बड़ी हार है. इससे पहले 2008 में मेलबर्न के मैदान पर ही ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 52 गेंद शेष रहते ही मात दी थी.
टी20I में भारत की सबसे बड़ी हार (गेंदों के हिसाब से)
52 बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न, 2008
40 बनाम ऑस्ट्रेलिया, मेलबर्न, 2025
33 बनाम श्रीलंका, कोलंबो, 2021
33 बनाम न्यूजीलैंड दुबई 2021
31 बनाम ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो, 2012