News24 हिंदी
न्यूज 24 डेस्क प्रतिष्ठित पत्रकारों की पहचान है। इससे कई पत्रकार देश-दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत की खबरें साझा करते हैं।
Read More---विज्ञापन---
IND A vs SA A, Dhruv Jurel Century: भारत और साउथ अफ्रीका टीम की ए टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. मैच के पहले दिन जहां भारत के स्टार बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे, तो वहीं युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने शतक ठोककर टीम इंडिया की लाज बचाई. जुरेल ने मुश्किल स्थिति में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 145 गेंदों पर सेंचुरी लगाई और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया. इस शतक के साथ ही जुरेल ने साउथ अफ्रीका के सीनियर टीम के खिलाफ होने वाले टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में अपनी दावेदारी भी मजबूत कर ली है.
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय ए टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 126 रन के स्कोर पर 7 विकेट गंवा दिए. हालांकि, छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ध्रुव जुरेल ने पारी को संभाला और एक छोर से शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा. ध्रुव ने पहले कुलदीप यादव के साथ 79 रनों की अहम साझेदारी की और फिर मोहम्मद सिराज के साथ 35 रनों की पार्टनरशिप कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया.
कुलदीप ने 20 रन बनाए तो सिराज ने 15 रन जोड़े. वहीं, ध्रुव आखिर तक एक छोर पर टिके रहे और 175 गेंदों पर 132 रनों की नाबाद पारी खेली. इस दौरान उन्होंने 12 चौके और 4 छक्के लगाए. उनकी इस पारी के बदौलत भारत ने पहली पारी में 255 रन बनाए और पहले दिन अपने सभी विकेट गंवा दिए.
इस मैच की पहली पारी में इंडिया ए के टॉप-5 बल्लेबाज बुरी तरह से फ्लॉप रहे और कोई भी बल्ले से बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं रहे. केएल राहुल ने 19 रन बनाए, जबकि अभिमन्यु ईश्वरन तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए. साई सुदर्शन के बल्ले से 17 रन निकले और देवदत्त पडीक्कल 5 रन बनाकर चलते बने. वहीं, कप्तान ऋषभ पंत का भी बल्ला नहीं चला और वो 24 रन बनाकर आउट हो गए. इनके अलावा, आकाशदीप और प्रसिद्ध कृष्णा शून्य पर आउट हुए, जबकि हर्ष दुबे सिर्फ 14 रन बना सके.
न्यूज 24 पर पढ़ें खेल, राष्ट्रीय समाचार (National News), मनोरंजन, धर्म, लाइफ़स्टाइल, हेल्थ, शिक्षा से जुड़ी हर खबर। ब्रेकिंग न्यूज और लेटेस्ट अपडेट के लिए News 24 App डाउनलोड कर अपना अनुभव शानदार बनाएं।