CPL 2026, Imran Tahir: उम्र सिर्फ एक नंबर है… इस बात को एक बार फिर साउथ अफ्रीका के दिग्गज लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने साबित कर दिखाया है. जिस उम्र में कई दिग्गज खिलाड़ी क्रिकेट से संन्यास लेकर अपने परिवार के साथ समय बिताते हैं, उस उम्र में ताहिर क्रिकेट के मैदान पर लगातार धमाल मचा रहे हैं. ताहिर ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) में गुरुवार, 10 सितंबर को अपनी शानदार गेंदबाजी से इतिहास रच दिया.
गयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान ताहिर ने सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ अपनी फिरकी का जादू दिखाया और सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किए. उनकी इस घातक गेंदबाजी के कारण सेंट लूसिया की पूरी टीम 119 रन पर सिमट गई. वहीं, इस शानदार प्रदर्शन के साथ ताहिर T20 क्रिकेट में एक बड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है.
---विज्ञापन---
इमरान ताहिर ने 5 विकेट लेकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
सेंट लूसिया किंग्स के खिलाफ मुकाबले में गयाना अमेजन वॉरियर्स के कप्तान और दिग्गज स्पिनर इमरान ताहिर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 17 रन देकर 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया. इस दौरान उनकी इकोनॉमी रेट 4.25 रन की रही. इसी के साथ वह CPL में बतौर कप्तान 5 विकेट लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने अपने CPL करियर में दूसरी बार और अपने T20 करियर में छठी बार 5 विकेट लेने का कमाल किया है.
वहीं, 47 साल की उम्र में 5 विकेट लेकर ताहिर ने टी20 क्रिकेट में नया वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित कर दिया है. अब ताहिर टी20 क्रिकेट के इतिहास में 5 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने यह कारनामा 47 साल और 166 दिन की उम्र में किया है. इस मामले में उन्होंने कुक आईलैंड के गेंदबाज टोमाकानते रितावा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिन्होंने 46 साल और 299 की उम्र में टी20 में 5 विकेट हॉल हासिल किया था.
---विज्ञापन---
T20 क्रिकेट में 5 विकेट लेने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
- 47 साल 166 दिन - इमरान ताहिर (2026)
- 46 साल 299 दिन - टोमाकानुते रितावा (2022)
- 46 साल 148 दिन - इमरान ताहिर (2025)
- 44 साल 323 दिन - इमरान ताहिर (2024)
- 44 साल 165 दिन - प्रकाश मिश्रा (2023)
- 42 साल 135 दिन - इमरान ताहिर (2021)
ये भी पढ़ें- IND vs AFG टी20I सीरीज से पहले जसप्रीत बुमराह की फिटनेस को लेकर आया बड़ा अपडेट, सुंदर और नीतीश रेड्डी का भी हो गया फैसला
गयाना ने 4 विकेट से जीता मुकाबला
इस मुकाबले में सेंट लूसिया किंग्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन उनका यह फैसला सही साबित नहीं हुआ. लूसिया किंग्स की टीम ने शुरुआत में तेजी से रन बनाए, लेकिन जल्द ही गयाना अमेजन वॉरियर्स के गेंदबाजों ने शिकंजा कस दिया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेंट लूसिया किंग्स की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 18.5 ओवर में 119 रन पर ढेर हो गई. गयाना की ओर से कप्तान इमरान ताहिर ने सर्वाधिक 5 विकेट चटाकाए.
उनके अलावा, मेहदी हसन मिराज ने 3 विकेट झटके, जबकि ड्वेन प्रेटोरियस और रोमारियो शेफर्ड ने 1-1 विकेट लिया. इसके जवाब में उतरी गयाना की टीम ने 18.3 ओवर में 6 विकेट पर 122 रन बनाकर आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया. गयाना की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 37 रन और क्वेंटिन सैम्पसन ने नाबाद 37 रन बनाए.
---विज्ञापन---