Hardik Pandya: टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की मैदान पर वापसी का इंतजार और लंबा हो सकता है. चोटों से जूझ रहे हार्दिक पिछले कुछ महीनों से बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं. अब वह घरेलू टी20 टूर्नामेंट सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) से भी बाहर हो गए हैं. बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन ने टूर्नामेंट के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है, लेकिन इसमें हार्दिक पंड्या को जगह नहीं मिली है. उनके भाई क्रुणाल पंड्या को टीम की कमान सौंपी गई है. हार्दिक ने आखिरी बार 24 मई को आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की ओर से मुकाबला खेला था.
ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे हार्दिक
हार्दिक पांड्या को अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया था. हालांकि, पिंडली में नई चोट उभरने के कारण उन्हें टीम से अपना नाम वापस लेना पड़ा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय गेंदबाजी करते हुए हार्दिक को किसी तरह का दर्द महसूस नहीं हो रहा था. आईपीएल 2026 के बाद से ही हार्दिक अपना ज्यादातर समय बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बिता रहे हैं. आईपीएल के दौरान पहले उन्हें पीठ में ऐंठन की समस्या हुई और इसके बाद पैर में खिंचाव के कारण उन्हें रिहैबिलिटेशन से गुजरना पड़ा. हार्दिक ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में खेला था.
हार्दिक की जल्द वापसी चाहता है टीम मैनेजमेंट
भारतीय टीम फिलहाल न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेल रही है. इसके बाद दिसंबर में उसे श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलनी है. अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट हार्दिक पंड्या की जल्द वापसी चाहता है. हालांकि, भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने साफ कर दिया है कि हार्दिक पंड्या और जसप्रीत बुमराह टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं, लेकिन उन्हें वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में पूरी तरह फिट हुए बिना मैदान पर उतारने का कोई सवाल नहीं है. टीम मैनेजमेंट दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता.
14 नवंबर को चंडीगढ़ के खिलाफ अभियान शुरू करेगी बड़ौदा
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए घोषित बड़ौदा की टीम में क्रुणाल पंड्या के अलावा जितेश शर्मा, दीपक हुड्डा और रसिख सलाम जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं. बड़ौदा की टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 नवंबर को मुंबई में चंडीगढ़ के खिलाफ मुकाबले से करेगी.
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के लिए बड़ौदा की टीम
क्रुणाल पंड्या (कप्तान), अतीत शेठ (उपकप्तान), दीपक हुडा, शिवालिक शर्मा, शाश्वत रावत, अमित पासी (विकेटकीपर), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), भानु पनिया, महेश पिठिया, परीक्षित पाटीदार, हेमंत पुंडे, राज लिम्बानी, रसिक डार, रसिख सलाम, ध्रुव बी.