Gautam Gambhir IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज 20 जून से होने जा रहा है। सीरीज का पहला टेस्ट मैच लीड्स में खेला जाना है। नए कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया इस दौरे पर जबरदस्त प्रदर्शन करने को बेकरार है। हालांकि, भारतीय टीम इस टूर पर विराट कोहली और रोहित शर्मा के बिना पहुंची है। भारतीय क्रिकेट के यह दो दिग्गज खिलाड़ी संन्यास का ऐलान कर चुके हैं। इस बीच, हेड कोच गौतम गंभीर ने गिल एंड कंपनी को इंग्लैंड दौरे को यादगार बनाने का गुरुमंत्र दे डाला है।
हेड कोच का ‘गंभीर’ गुरुमंत्र
दरअसल, बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें हेड कोच गौतम गंभीर सभी खिलाड़ियों को इंग्लैंड दौरे पर सफल होने का गुरुमंत्र देते हुए दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा, “इस टूर को देखने के दो तरीके हैं। एक तरीका यह है कि हम सोचें कि हमारे तीन अनुभवी खिलाड़ी इस सीरीज का हिस्सा नहीं हैं। दूसरा तरीका यह है कि हम इसको एक बेहतरीन मौके की तरफ देखें कि हमें अपने देश के लिए कुछ स्पेशल करना है। जब मैं अपने आसपास देखता हूं, तो मुझे इस टीम में कुछ स्पेशल करने की वो भूख, पैशन और जज्बा नजर आता है। मेरे हिसाब से अगर हम त्याग करेंगे और अपने कंफर्ट जोन से बाहर आकर हर दिन नहीं, बल्कि हर सेशन, हर घंटे और हर बॉल पर लड़ाई लड़ेंगे तो यह एक यादगार दौरा बन सकता है।”
इंग्लैंड में कैसा है टीम इंडिया का रिकॉर्ड?
भारतीय टीम को टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड की सरजमीं कुछ खास रास नहीं आती है। टीम इंडिया ने इंग्लिश सरजमीं पर अब तक कुल 136 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान भारतीय टीम को सिर्फ 35 मैचों में जीत नसीब हुई है, जबकि 51 मैचों में मैदान इंग्लैंड ने मारा है। 50 मैच ड्रॉ पर खत्म हुए हैं। यानी इंग्लैंड में आंकड़े टीम इंडिया के पक्ष में नहीं रहे हैं। ऐसे में शुभमन गिल की सेना की नई नवेली सेना के लिए अंग्रेजों से उन्हीं की सरजमीं पर पार पाना आसान नहीं होगा।