IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। सीरीज का चौथा टेस्ट मैच 23 जुलाई से 27 जुलाई के बीच मैनचेस्टर में खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम पहली पारी में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई थी। लेकिन भारत ने दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी की और मैच ड्रॉ करा लिया।
भारत ने पहली पारी में किया निराश
भारतीय टीम ने पहली पारी में निराशाजनक बल्लेबाजी की थी। टीम बड़ा स्कोर बनाने में विफल रही थी। भारत ने 114.1 ओवर में 358 रन बनाए थे। टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज शतक नहीं बना पाया था। सबसे ज्यादा रन साई सुदर्शन ने बनाए थे। उन्होंने 61 रनों की पारी खेली थी। इसके अलावा यशस्वी जायसवाल ने 58 और ऋषभ पंत ने 54 रनों का योगदान दिया था।
इंग्लैंड ने बनाए 669 रन
वहीं, इंग्लैंड ने पहली पारी में 157.1 ओवर बल्लेबाजी की और 669 रन बनाए थे। जो रूट ने 248 गेंदों में 150 रनों की पारी खेली, जबकि बेन स्टोक्स ने 198 गेंदों में 141 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली और बेन डकेट ने भी अर्धशतक बनाया था। क्रॉली ने 84 और डकेट ने 94 रन बनाए थे। इंग्लैंड ने पहली पारी में 311 रनों की बढ़त ली थी और मैच पर शिकंजा कस लिया था।
भारत ने किया कमबैक
भारत ने दूसरी पारी में 0 के स्कोर पर साई सुदर्शन और यशस्वी जायसवाल के रूप में 2 बड़े विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद केएल राहुल और शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला। राहुल ने 90 रनों का योगदान दिया, जबकि शुभमन गिल ने 103 रनों की पारी खेली। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने नाबाद 101 रन और रवींद्र जडेजा ने भी नाबाद 107 रनों का योगदान दिया। जडेजा और सुंदर ने मिलकर 203 रनों की पार्टनरशिप कर डाली और मैच के इंग्लैंड के मुंह से निकालकर ड्रॉ करा दिया। दोनों की बल्लेबाजी को बरसों तक याद रखा जाएगा। भारत ने दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 143 ओवर में 425 रन बनाए।