MLC 2025: आईपीएल 2025 खत्म होने के बाद अमेरिका में टी20 क्रिकेट की धूम देखी जा रही है। मेजर क्रिकेट लीग 2025 में दुनिया के कई बड़े दिग्गज खिलाड़ी अपनी चमक बिखेर रहे हैं। इस लीग में फाफ डु प्लेसिस का बल्ला जमकर गरज रहा है. टेक्सास सुपर किंग्स और एमआई न्यूयॉर्क के बीच खेले गए मुकाबले में उन्होंने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ दिया। इस मुकाबले में उन्होंने 53 गेंदों का सामना करते हुए 103 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। इस पारी के दम पर प्लेसिस ने एक बड़ा कीर्तिमान भी अपने नाम किया है। आइए आपको भी बताते हैं इस खास रिकॉर्ड के बारे में।
MLC में 3 शतक जड़ने वाले इकलौते खिलाड़ी
फाफ डु प्लेसिस के लिए ये मेजर क्रिकेट लीग के इतिहास में तीसरा शतक है। इसी के साथ वो लीग में ये कारनामा करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। साथ ही इस सीजन में उनके लिए ये दूसरा शतक है। इससे पहले फ्रैंसिस्को यूनिकॉर्न के खिलाफ खेले गए मुकाबले में भी उन्होंने तूफानी पारी खेलते हुए शतक जड़ा था। उनके अलावा कोई भी खिलाड़ी अब तक इस लीग में 3 शतक नहीं लगा पाया है। निकोलस पूरन और फिन एलन के नाम 2-2 शतक हैं।
इस सीजन जमकर गरज रहा बल्ला
आईपीएल 2025 में प्लेसिस दिल्ली कैपिटल्स की हिस्सा थे। इस सीजन उनका बल्ला कुछ खास रंग में नजर नहीं आ रहा था लेकिन मेजर क्रिकेट लीग में पहुंचते ही उनके बल्ले ने आग उगलनी शुरू कर दी। इस सीजन टेक्सास सुपर किंग्स के लिए खेले 7 मैचों में वो 317 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका औसत 52.83 का है तो वहीं स्ट्राइक रेट 180 के करीब का है।
डोनोवन फरेरा ने भी खेली तूफानी पारी
फाफ डु प्लेसिस के साथ-साथ इस मैच में टेक्सास सुपर किंग्स की तरफ से डोनोवन फरेरा ने भी कमाल की तूफानी पारी खेली। उन्होंने 20 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की पारी खेली। इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 265 का रहा और उन्होंने 3 चौकों के साथ-साथ 5 छक्के भी जड़े। दोनों खिलाड़ियों की तूफानी पारियों के दम पर सुपर किंग्स ने 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 223 रन बनाए।