WPL 2027 RCB Full Schedule: महिला प्रीमियर लीग (WPL) के 5वें सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है. 14 जनवरी से शुरू होने वाले WPL 2027 के पहले मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) की टीमें आमने-सामने होंगी. स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली RCB की नजरें अपने खिताब का बचाव करने के साथ-साथ तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने पर होंगी.
आरसीबी ने 2024 और 2026 सीजन में खिताब अपने नाम किया था. दो बार की चैंपियन आरसीबी आगामी सीजन में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखना चाहेगी. इससे पहले आइए जानते हैं WPL 2027 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पूरा शेड्यूल, मुकाबलों की तारीख, समय, वेन्यू और स्क्वॉड समेत पूरी डिटेल्स.
मुंबई इंडियंस से होगा RCB का पहला मुकाबला
WPL 2027 का आयोजन 14 जनवरी से 7 फरवरी तक किया जाएगा. इस बार टूर्नामेंट के मुकाबले वडोदरा और मुंबई में खेले जाएंगे. दोनों शहरों में कुल 11-11 मैच आयोजित होंगे. डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने अभियान की शुरुआत 14 जनवरी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से करेगी. इसके बाद आरसीबी 16 जनवरी को दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी, जबकि 19 जनवरी को उसका सामना यूपी वॉरियर्स से होगा. वहीं, 22 जनवरी को आरसीबी का चौथा मुकाबला गुजरात जायंट्स से होगा और 26 जनवरी टीम फिर से मुंबई से भिड़ेगी.
आरसीबी को लीग स्टेज में कुल 8 मुकाबले खेलने हैं, जिसमें से शुरुआती चार मैच वडोदरा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में में होंगे, जबकि अगले चार मुकाबले मुंबई के क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में खेले जाएंगे. टूर्नामेंट के सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होंगे.
RCB में शामिल हुए 4 नए खिलाड़ी
आगामी सीजन से पहले आरसीबी ने 28 अक्टूबर को कोच्चि में हुए WPL 2027 मिनी ऑक्शन में अपनी टीम को मजबूत किया. बेंगलुरु फ्रेंचाइजी ने नीलामी में 4 नए खिलाड़ियों को शामिल किया, जिससे टीम में कुल 17 खिलाड़ी हो गए हैं. फ्रेंचाइजी ने साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन को आरसीबी ने 30 लाख रुपये में खरीदा. वहीं, ऑस्ट्रेलिया की ऑलराउंडर जेस जोनासेन को 40 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया. भारतीय बल्लेबाज वृंदा दिनेश को 10 लाख और तेजल हसबनीस को 30 लाख रुपये में खरीदा गया.
आरसीबी ने मिनी ऑक्शन में कुल 1.10 करोड़ रुपये खर्च किए. इसके साथ ही रिटेंशन पर खर्च की गई रकम को मिलाकर टीम का कुल खर्च 13.85 करोड़ रुपये हो गया. फ्रेंचाइजी के पर्स में अब 5 लाख रुपये बाकी हैं. आरसीबी की टीम में 11 भारतीय और 6 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं.
WPL 2027 के लिए RCB की पूरी टीम
स्मृति मंधाना (कप्तान), ऋचा घोष, एलिस पेरी, लॉरेन बेल, जॉर्जिया वोल, प्रथ्योषा कुमार, नादिन डी क्लर्क, अरुंधति रेड्डी, वृंदा दिनेश, पूजा वस्त्रकार, राधा यादव, तेजल हसबनीस, श्रेयंका पाटिल, प्रेमा रावत, जेस जोनासेन, सायाली सतघरे और क्लो ट्रायोन.