ICC ODI रैंकिंग में विराट कोहली का बड़ा धमाका, खतरे में शुभमन गिल की नंबर-1 की कुर्सी, जानें किस नंबर पर रोहित शर्मा?
ICC ODI Rankings: आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने छलांग लगाई है. भारतीय कप्तान शुभमन गिल पहले नंबर पर बने हुए हैं. वहीं, कुलदीप यादव ने वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप-5 में एंट्री कर ली है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में विराट कोहली ने जड़ा था 86वां इंटरनेशनल शतक (PIC Credit -ANI)
ICC ODI Rankings: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल यानी आईसीसी ने नई वनडे रैंकिंग जारी कर दी है. ताजा रैंकिंग में टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली को जबरदस्त फायदा हुआ है. कोहली ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे मैच में तूफानी शतक जड़ा था और नाबाद 139 रनों की पारी खेली थी. इस धमाकेदार पारी के बाद कोहली वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में एक स्थान की छलांग लगाते हुए दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं, भारतीय कप्तान शुभमन गिल पहले स्थान पर बने हुए हैं, लेकिन उनकी नंबर-1 की कुर्सी पर अब खतरा मंडरा रहा है.
विज्ञापन
विराट कोहली दूसरे नंबर पर पहुंचे, शुभमन गिल नंबर-1 पर बरकरार
भारतीय दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने वेस्टइंडीज के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 88 गेंदों पर नाबाद 139 रनों की पारी खेली थी. कोहली ने अपने करियर का 55वां वनडे शतक और कुल 86वां इंटरनेशनल शतक जड़ा. इस धमाकेदार पारी के बाद कोहली वनडे रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उनकी रेटिंग 796 हो गई है. उनसे आगे सिर्फ भारतीय कप्तान शुभमन गिल मौजूद हैं. गिल 816 रेटिंग अंकों के साथ नंबर-1 पर काबिज हैं.
विज्ञापन
कप्तान गिल ने पहले वनडे में 108 गेंदों में 13 चौकों और एक छक्के की मदद से 110 रनों की पारी खेली थी. यह उनका 10वां वनडे शतक था. गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाकर अपनी नंबर-1 रैंकिंग को और मजबूत किया है, लेकिन उनकी नंबर-1 की बादशाहत खतरे में आ गई है. कोहली और गिल में महज 20 का अंतर है. ऐसे में सीरीज के बाकी दो मुकाबलों में कोहली दमदार प्रदर्शन कर गिल को पीछे छोड़ सकते हैं.
🚨 VIRAT KOHLI MOVES TO NUMBER 2 IN ICC ODI BATTERS RANKING 🇮🇳
आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं. उनके खाते में 719 रेटिंग अंक हैं. रोहित ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए वनडे मुकाबले में 35 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली थी. वहीं, न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल 794 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर खिसक गए हैं. इससे पहले वह दूसरे स्थान पर मौजूद थे. श्रीलंका के कुसल मेंडिस ने इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में 121 रन की शानदार पारी खेली, जिसका उन्हें रैंकिंग में फायदा मिला. वह तीन पायदानों की छलांग लगाकर करियर की सर्वश्रेष्ठ 7वीं रैंकिंग पर पहुंच गए हैं. उनके खाते में 674 रेटिंग अंक हैं.
विज्ञापन
वहीं, इंग्लैंड के हैरी ब्रूक ओवल में अर्धशतक लगाने के बाद एक स्थान ऊपर चढ़कर 650 रेटिंग के साथ 11वें नंबर पर पहुंच गए हैं. वह आयरलैंड के हैरी टेक्टर से सिर्फ 3 अंक पीछे हैं. साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में शतक जड़ा, जिसके बाद वह 10 स्थानों की लंबी छलांग लगाकर 556 रेटिंग के साथ 32वें नंबर पर पहुंच गए. वहीं, मैथ्यू ब्रीत्जके ने भी 19 पायदान की बड़ी छलांग लगाई है और 607 रेटिंग के साथ 21वें स्थान पर पहुंच गए. दूसरे वनडे में 93 गेंदों पर 142 रन की तूफानी पारी खेलने वाले डेविड मिलर भी 41वें स्थान पर रैंकिंग में वापस आ गए हैं.
Batters have enjoyed ICC ODI Batting Rankings climbs with runs flowing in the 50-over game 👇https://t.co/pe9539amMX
वनडे गेंदबाजी रैंकिंग में भारतीय स्टार स्पिनर कुलदीप यादव को जबरदस्त फायदा हुआ है. कुलदीप ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में 40 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए थे. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था. इस शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें रैंकिंग में मिला है. कुलदीप चार स्थानों की छलांग लगाकर टॉप-5 में एंट्री कर ली है. वह 623 रेटिंग के साथ 5वें नंबर पर पहुंच गए हैं. वहीं, साउथ अफ्रीका के केशव महाराज को भी शानदार प्रदर्शन का फायदा मिला है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4/20 और 2/54 के आंकड़े दर्ज करने के बाद वह तीन स्थान ऊपर चढ़कर 667 रेटिंग के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. इस लिस्ट में पाकिस्तान के अबरार अहमद 675 रेटिंग के साथ दूसरे और अफगानिस्तान के राशिद खान 714 रेटिंग के साथ शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं.