Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड दौरे के लिए पहुंच चुकी है. इस दौरे की शुरुआत 22 अक्टूबर से पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के साथ होगी. इसके बाद दोनों टीमों के बीच पांच वनडे मुकाबले भी खेले जाएंगे. इस सीरीज में विराट कोहली के प्रदर्शन पर फैंस की खास नजरें रहेंगी. माना जा रहा है कि यह न्यूजीलैंड की धरती पर उनका आखिरी दौरा हो सकता है. ऐसे में उनके पास अपने करियर के एक अनोखे रिकॉर्ड को सुधारने का मौका होगा. हैरानी की बात यह है कि इंटरनेशनल क्रिकेट में 86 शतक लगाने वाले कोहली अब तक न्यूजीलैंड में किसी भी फॉर्मेट में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार नहीं जीत पाए हैं.
विराट कोहली का अधूरा है ये सपना
साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया को मिलाकर SENA देशों में प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों की खास सूची में कपिल देव, सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज शामिल हैं. हालांकि, विराट कोहली अब तक इस उपलब्धि को हासिल नहीं कर पाए हैं. आगामी वनडे सीरीज में उनके पास इस कमी को दूर करने के लिए पांच मुकाबले होंगे. अगर वह इनमें से किसी एक मैच में भी प्लेयर ऑफ द मैच बनते हैं, तो उनका नाम भी इस खास उपलब्धि से जुड़ जाएगा. इतना ही नहीं, कोहली ने न्यूजीलैंड में अब तक प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब भी नहीं जीता है.
हालांकि, न्यूजीलैंड में विराट कोहली का वनडे रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है. उन्होंने वहां 13 वनडे मैचों में 49.66 की औसत से 596 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक निकले हैं. उनके इन आंकड़ों से साफ है कि कोहली न्यूजीलैंड में रन बनाने में सफल रहे हैं, लेकिन अब तक किसी एक मैच में उनके प्रदर्शन को प्लेयर ऑफ द मैच के पुरस्कार से सम्मानित नहीं किया गया है. ऐसे में आगामी वनडे सीरीज उनके लिए इस रिकॉर्ड को बदलने का आखिरी मौका साबित हो सकती है.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच 5 मैचों की वनडे सीरीज का शेड्यूल
पहला वनडे, 4 नवंबर 2026 बुधवार ईडन पार्क, ऑकलैंड
दूसरा वनडे, 7 नवंबर 2026 शनिवार स्काई स्टेडियम, वेलिंगटन
तीसरा वनडे, 10 नवंबर 2026 मंगलवार सेडन पार्क, हैमिल्टन
चौथा वनडे, 13 नवंबर 2026 शुक्रवार बे ओवल, माउंट माउंगानुई
पांचवां वनडे, 15 नवंबर 2026 रविवार बे ओवल, माउंट माउंगानुई