Asia Cup 2025: भारतीय टीम ने अब एशिया कप 2025 के लिए तैयारी शुरू कर दी है। न्यूज 24 की रिपोर्ट्स के मुताबिक टीम इंडिया 4 या 5 सितंबर को दुबई के लिए रवाना होगी। इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला 14 सितंबर को खेला जाएगा। जब भारत-पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमों के लिए ये मुकाबला अहम होने वाला है। मुकाबले से पहले पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी ने भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव के रिकॉर्ड पर चर्चा छेड़ दी है।
पाकिस्तान के खिलाफ फेल होते हैं सूर्यकुमार यादव
भारतीय टीम के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद शर्मनाक रहा है। उन्होंने पाक के खिलाफ 5 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने सिर्फ 12.80 की औसत से 64 रन ही बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर सिर्फ 18 रनों का रहा है। वहीं स्ट्राइक रेट 118.51 का रहा है। बात अगर एशिया कप की करें तो सूर्या ने पाकिस्तान के खिलाफ 2 मुकाबले खेले हैं। जिसमें उन्होंने 15.50 की औसत से 31 रन बनाए हैं। उनका पाकिस्तान के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर एशिया कप 2022 में ही आया था। एशिया कप में उनका पाकिस्तान के खिलाफ स्ट्राइक रेट 110.71 का रहा है।
दिग्गज ने भी सूर्या पर उठाए सवाल
पूर्व पाकिस्तानी खिलाड़ी बाजिद अली ने पीटीवी स्पोर्ट्स से बात करते हुए सूर्यकुमार यादव के पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड को लेकर कहा, ‘सूर्यकुमार लगभग सभी के खिलाफ रन बनाते हैं, लेकिन पाकिस्तान के खिलाफ, किसी न किसी तरह, वह प्रभावी नहीं रहे हैं। चाहे वह तेज गेंदबाजी आक्रमण हो या कोई और वजह, यह एक मुद्दा बना हुआ है।’ 14 सितंबर को सूर्यकुमार यादव अपने बल्ले का जादू पाकिस्तान के खिलाफ भी दिखाना चाहेंगे। जिससे वो इस रिकॉर्ड को बेहतर कर सकें।