IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो में खेला जा रहा है. 26 अगस्त को खेल का चौथा दिन है. श्रीलंका चौथे दिन पहली पारी में 89.4 ओवर में 290 रनों पर सिमट गई थी. फॉलोऑन मिलने की वजह से श्रीलंका ने चौथे दिन दोबारा बल्लेबाजी शुरू की. तीसरे विकेट के लिए कामिंदु मेंडिस और पासिंदु सूरियाबंदारा ने मिलकर 115 रनों की साझेदारी निभाई. भारत के लिए ये साझेदारी तोड़ना अहम था. ऐसे में शुभमन गिल ने शानदार कैच लपककर श्रीलंका की उम्मीदों पर पानी फेर दिया.
शुभमन गिल का शानदार कैच
44वें ओवर की पहली गेंद पर तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कामिंदु मेंडिस को जाल में फंसाया. उन्होंने छोटी गेंद फेंकी और मेंडिस ने बड़ा शॉट खेलने का प्रयास किया. हालांकि गेंद और बल्ले का संपर्क सही से नहीं हुआ और गेंद हवा में चली गई. इस दौरान शुभमन गिल ने तेजी के साथ भागकर गेंद का पीछा किया और अंत में हवा में छलांग लगाते हुए शानदार कैच लपक लिया. भारतीय कप्तान का ये कैच अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. भारत काफी देर से तीसरे विकेट की तलाश कर रही थी. पासिंदु सूरियाबंदारा और मेंडिस ने मिलकर 170 गेंदों में 115 रनों की साझेदारी की. लेकिन गिल ने शानदार कैच लपककर मेंडिस को पवेलियन लौटने के लिए मजबूर कर दिया.
---विज्ञापन---
श्रीलंका को समेटने के लिए भारतीय गेंदबाज कर रहे हैं संघर्ष
भारत ने पहली पारी में 138 ओवर बल्लेबाजी की और 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी. भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने 193 गेंदों में 117 रनों की पारी खेली, जबकि ध्रुव जुरेल ने 177 गेंदों में 115 रन बनाए थे. जवाब में उतरी श्रीलंका पहली पारी में 89.4 ओवर में 290 रन बनाकर सिमट गई. इसके बाद दोबारा बल्लेबाजी करने के लिए उतरी श्रीलंका ने अब तक 72.4 ओवर में 229/6 रन बना दिए हैं. श्रीलंका के पास फिलहाल 16 रनों की बढ़त है. श्रीलंका की ओर से दूसरी पारी में पासिंदु सूरियाबंदारा ने शानदार बल्लेबाजी की. हालांकि वह शतक से चूक गए. उन्होंने 173 गेंदों में 92 रनों की पारी खेली. इसके अलावा कामिंदु मेंडिस ने 92 गेंदों में 55 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर के आबिद मुश्ताक ने 9 विकेट लेकर किया बड़ा कमाल, टीम इंडिया के लिए खटखटाया दरवाजा
---विज्ञापन---
भारत की ओर से दूसरी पारी में मानव सुथार ने अब तक 2 विकेट अपने नाम कर लिए हैं. इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, सारांश जैन और रवींद्र जडेजा को 1-1 सफलता मिली है. भारतीय गेंदबाजों को अब 4 विकेट लेकर श्रीलंका को जल्द से जल्द आउट करना है. फिलहाल भारतीय टीम मुकाबले पर हावी है.
ये भी पढ़ें: कोलंबो टेस्ट ड्रॉ होने पर बदल जाएगा WTC फाइनल का समीकरण
---विज्ञापन---