Rishabh Pant: ऋषभ पंत का बल्ला इंग्लैंड की धरती पर जमकर बोल रहा है। पंत शुरुआती तीन मैचों में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं। 6 पारियों में पंत के बल्ले से अब तक 70 की बेमिसाल औसत से 607 रन निकल चुके हैं। हेडिंग्ल में भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ने दोनों ही पारियों में शतकीय पारी खेली थी। वहीं, एजबेस्टन और लॉर्ड्स में भी उनका बल्ला खूब चला था। पंत तीसरे टेस्ट में कीपिंग के दौरान चोटिल हो गए थे, लेकिन चौथे टेस्ट में उनके प्लेइंग 11 में खेलने की पूरी उम्मीद है। ओल्ड ट्रैफर्ड में पंत के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा। पंत वीरेंद्र सहवाग के महारिकॉर्ड को तोड़ने से महज तीन कदम दूर खड़े हैं।
इतिहास रचने की दहलीज पर पंत
क्रिकेट का फॉर्मेट चाहे कोई भी हो ऋषभ पंत का फेवरेट काम सिक्स जड़ना है। टी-20 और वनडे तो छोड़िए पंत क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भी बल्ले से खूब गदर मचाते हैं। भारत की ओर से टेस्ट में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में अभी पंत संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर काबिज हैं। ऋषभ टेस्ट में अब तक कुल 88 सिक्स लगा चुके हैं। अब अगर चौथे टेस्ट में पंत तीन सिक्स लगाने में सफल हो जाते हैं, तो वह टीम इंडिया की ओर से टेस्ट में सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बैटर बन जाएंगे।
ऋषभ के पास वीरेंद्र सहवाग का रिकॉर्ड चकनाचूर करने का सुनहरा मौका होगा। वीरू के नाम टेस्ट में 90 सिक्स दर्ज हैं, जो भारत की ओर से सर्वाधिक हैं। इस लिस्ट में पंत के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा हैं, लेकिन वह अब टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं।
इंजरी से उबर रहे पंत
ऋषभ पंत अभी अपनी इंजरी से उबर रहे हैं। लॉर्ड्स टेस्ट की पहली पारी में विकेटकीपिंग करते हुए एक गेंद पंत की उंगलियों में आकर लगी थी, जिसके बाद वह काफी दर्द में दिखाई दिए थे। पंत को थोड़ी देर बाद मैदान छोड़कर जाना पड़ा था। इसके बाद वह पूरे मैच में कीपिंग नहीं कर सके थे और उनकी जगह ध्रुव जुरैल ने विकेटकीपिंग की थी। हालांकि, पंत दोनों ही पारियों में बल्लेबाजी करने उतरे थे।