IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर शानदार शुरुआत की है. अब सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम की नजरें तीसरा मैच जीतकर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर होंगी. हालांकि, वेलिंगटन में भारत के लिए यह मुकाबला आसान नहीं रहने वाला है. यहां न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों के साथ मौसम भी टीम इंडिया की परीक्षा ले सकता है. तेज हवाएं और बारिश मैच का रोमांच बिगाड़ सकती हैं.
सोमवार को भारतीय खिलाड़ियों ने वेलिंगटन में अभ्यास किया, लेकिन इस दौरान उन्हें तेज हवाओं का सामना करना पड़ा. हवाओं की रफ्तार करीब 60 से 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक बताई गई. हालात ऐसे थे कि खिलाड़ियों को संतुलन बनाए रखने में भी परेशानी हो रही थी. हवा के कारण खिलाड़ियों की टोपियां उड़ने लगीं और अभ्यास में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी गिरने लगे. ऐसे में तीसरे टी20 मुकाबले से पहले भारतीय टीम के सामने मौसम से तालमेल बिठाने की चुनौती होगी.
तेज हवाएं बढ़ाएंगी गेंदबाजों और बल्लेबाजों की मुश्किल
RevSportz की रिपोर्ट के मुताबिक, वेलिंगटन की परिस्थितियां दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती हैं. तेज हवाओं के कारण गेंदबाजों को रनअप के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. वहीं, बल्लेबाजों के लिए गेंद की स्विंग को समझना और उस पर सही शॉट खेलना आसान नहीं होगा.
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल ने भी वेलिंगटन की परिस्थितियों को मुश्किल बताया है. उनका मानना है कि यहां तेज हवाओं के बीच संतुलन बनाए रखना काफी अहम होता है. मैदान का खुला होना भी हवा के असर को बढ़ा सकता है. ऐसे में गेंद की दिशा और स्विंग में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिसका फायदा गेंदबाज उठा सकते हैं.
न्यूजीलैंड के मौसम विभाग ने भी तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है. हालांकि, शुरुआती जानकारी के मुताबिक मैच के दिन हवा की रफ्तार कुछ कम होने की संभावना है. इससे खिलाड़ियों को थोड़ी राहत मिल सकती है.
तीसरे टी20 पर बारिश का भी खतरा
वेलिंगटन में सिर्फ तेज हवाएं ही चिंता का विषय नहीं हैं, बल्कि बारिश भी मुकाबले में बाधा डाल सकती है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, सोमवार रात और मंगलवार सुबह तेज हवाएं चलने की संभावना है. इनकी वजह से पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति प्रभावित होने जैसी समस्याएं भी पैदा हो सकती हैं. हालांकि, मंगलवार शाम तक हवा की गति कम होने की उम्मीद है.