Yastika Bhatia Set Play WBBL: भारतीय क्रिकेटर अमूमन विदेशी लीग में खेलते नजर नहीं आते हैं. पुरुष खिलाड़ियों के पास किसी अन्य देश में जाकर फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने की अनुमति नहीं है, लेकिन BCCI महिला खिलाड़ियों को यह मौका देती है. इसी वजह से भारतीय टीम की कई बड़ी खिलाड़ी WCPL और WBBL जैसे बड़े टूर्नामेंट खेलती हैं. अब वुमेंस बिग बैश लीग के अगले सीजन में भारत की स्टार बल्लेबाज यास्तिका भाटिया खेलती हुई नजर आएंगी. उन्होंने ब्रिस्बेन हीट के साथ एक सीजन के लिए करार किया है.
WBBL खेलेंगी यास्तिका भाटिया
ब्रिस्बेन हीट ने ऐलान किया है कि यास्तिका भाटिया वुमेंस बिग बैश लीग के आगामी सीजन में उनकी टीम का हिस्सा होंगी. भाटिया के पास पहले WBBL खेलने का अनुभव है और वह एकमात्र भारतीय होंगी, जो वुमेंस बिग बैश लीग का अगला सीजन खेलेंगी. 25 साल की यह स्टार बल्लेबाज टीम में स्टार खिलाड़ी जेस जॉनसेन की जगह लेंगी.
जेस जॉनसेन चोटिल होने के कारण WBBL के अगले सीजन से बाहर हो गई हैं. उन्हें हिप में समस्या है, जिस वजह से वह खेलने के लिए फिट नहीं हैं. उनकी जगह ब्रिस्बेन हीट की टीम में यास्तिका शामिल हो गई हैं. वह सिडनी थंडर के खिलाफ दूसरे मैच से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगी और WBBL के 12वें सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगी.
यास्तिका भाटिया WBBL के 10वें सीजन में मेलबर्न स्टार्स टीम का हिस्सा थीं. गुजरात की इस स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ने उस सीजन में 6 मैच खेले और 25.66 के औसत से बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए. टूर्नामेंट में उनके नाम एक अर्धशतक रहा.
ब्रिस्बेन हीट के कोच ने यास्तिका को लेकर क्या कहा?
ब्रिस्बेन हीट के हेड कोच मार्क सॉरेल ने यास्तिका भाटिया को अपने साथ जोड़ने पर कहा, ‘इतनी अनुभवी और शानदार खिलाड़ी को टूर्नामेंट शुरू होने के इतने करीब होने के बावजूद अपने साथ जोड़ पाना हमारे लिए अच्छी बात है. हम जॉनसेन को मिस करेंगे, लेकिन अपने लाइनअप में एक और मजबूत बाएं हाथ की बल्लेबाज को शामिल कर पाए हैं. यास्तिका भाटिया को ऑस्ट्रेलिया और एलन बॉर्डर फील्ड में खेलने का काफी अनुभव है. इसी वजह से हमें विश्वास है कि वह ग्रुप में बढ़िया तरह से फिट हो जाएंगी.’
WBBL 12 के लिए ब्रिस्बेन हीट का स्क्वाड
लिली बैसिंगथवेट, बोनी बेरी, लुसिंडा बॉर्के, सियाना जिंजर, लूसी हैमिल्टन, ग्रेस हैरिस, चार्ली नॉट, एनी ओ’नील, ग्रेस पार्सन्स, जॉर्जिया रेडमेन, कैथरीन व्हाइट, मिकायला रिगले, यास्तिका भाटिया (भारत), सारा ग्लेन (इंग्लैंड), ओर्ला प्रेंडरगैस्ट (आयरलैंड).