Shubman Gill: 2 अक्टूबर 2025 यानी आज से टीम इंडिया एक्शन में आ गई है. वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला चल रहा है. मेहमान टीम के कप्तान रोस्टन चेज ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी है. इस मुकाबले में कप्तान गिल पर सबकी नजर रहने वाली है. वो पहली बार घरेलू सरजमीं पर बतौर कप्तान उतरे हैं. सबसे पहले उन्होंने इंग्लैंड दौरे पर टीम की कमान संभाली थी और अपने प्रदर्शन से सभी का दिल जीता था. अहमदाबाद टेस्ट से ठीक पहले गिल ने इंग्लैंड टूर को लेकर बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि आखिर उस दौरे से पहले क्रिकेट जगह के किन 2 दिग्गजों से उन्होंने सलाह ली थी, जिसके बाद इंग्लैंड की सरजमीं पर रनों की बारिश कर दी.
शुभमन गिल ने खुलासा किया है कि बतौर कप्तान पहली टेस्ट सीरीज से पहले उन्होंने सचिन तेंदुलकर और स्टीव स्मिथ से सलाह ली थी. गिल ने कहा ‘मैंने सचिन पाजी और स्टीव स्मिथ से बात की थी. दोनों ने ही मुझे कहा कि गेंद को सीधा डिफेंड करो और रन चौकों के जरिए स्क्वेयर ऑफ द विकेट से निकालो.’ गिल के लिए यह सलाह बहुत काम आई और वो सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे थे.
इंग्लैंड दौरे पर गिल का ऐतिहासिक प्रदर्शन
शुभमन गिल का इंग्लैंड दौरा उनके करियर का टर्निंग प्वॉइंट साबित हुआ. वो पहले बार टीम की कप्तानी कर रहे थे. बतौर कप्तान और बतौर बल्लेबाज वो पूरी सीरीज में छाए रहे. पांच मैचों की सीरीज 2-2 से ड्रॉ रही. गिल पूरे दौरे पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे. उन्होंने 5 मैचों की 10 पारियों में 75.40 की औसत से 754 रन बनाए, जिसमें 4 सेंचुरी शामिल थीं. गिल ने इंग्लैंड जैसी परिस्थितियों में अपनी तकनीक और धैर्य से सभी का दिल जीता था.
सचिन और स्मिथ दोनों क्रिकेट के दिग्गज
सचिन तेंदुलकर और स्टीव स्मिथ दोनों ही अपने-अपने युग के महान बल्लेबाज माने जाते हैं सचिन को क्रिकेट का भगवान कहा जाता है, जिन्होंने अपने करियर में 100 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाए हैं. वहीं स्टीव स्मिथ मौजूदा दौर के सबसे सफल टेस्ट बल्लेबाजों में से एक हैं. गिल ने इंग्लैंड टूर पर जाने से पहले इन दोनों ही दिग्गजों से बात की थी. गिल का ये खुलासा ये बताता है कि वो अपने करियर को लेकर कितना सजग हैं. उनमें सीखने की कितनी भूख है.
अहमदाबाद टेस्ट में गिल पर सबकी नजर
अब जब गिल वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सरजमीं पर कप्तानी कर रहे हैं, तो फैंस की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं. अब देखना होगा कि वो अहमदाबाद टेस्ट में किस मानसिकता के साथ बैटिंग के लिए उतरते हैं. फिलहाल विंडीज टॉस जीतकर बैटिंग कर रही है. पहले दिन के पहले सेशन में उसे महज 12 रनों पर पहला झटका लग चुका है. तेजनारायण चंद्रपॉल बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. उन्होंने 11 बॉल खेलीं और मोहम्मद सिराज का शिकार बने. खबर लिखे जाने तक विंडीज ने 6 ओवर में 1 विकेट खोकर 20 रन बना लिए हैं.