IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज चल रही है. पहले दो मुकाबले हो चुके हैं. दोनों में भारत ने जीत दर्ज की. टीम इंडिया ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. पहला मुकाबला भारतीय टीम ने पांच विकेट से जीता. वहीं दूसरे मैच में 4 रनों से जीत मिली. दोनों मैचों में बारिश ने खलल डाला. टीम इंडिया के गेंदबाजों और बल्लेबाजों का अभी तक बढ़िया प्रदर्शन देखने को मिला है. खैर अब बारी तीसरे वनडे की है. भारत तीसरे वनडे को जीतकर सीरीज पर कब्जा जमाना चाहेगा. चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम में बदलाव भी हो जाएगा. शुभमन गिल की जगह पर श्रेयस अय्यर कप्तानी करेंगे. आइए भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे वनडे मैच से जुड़ी सभी डिटेल्स पर नजर डालते हैं.
भारत-न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मैच कब होगा?
भारत-न्यूजीलैंड के बीच अभी तक हुए दोनों मुकाबले ठीक रहे हैं. दूसरे मैच में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला. बल्लेबाज बिल्कुल भी रन नहीं बना पाए. भारत को भी बड़ी मुश्किल से जीत मिली. न्यूजीलैंड के बल्लेबाज भी फ्लॉप रहे. पहले मुकाबले में विराट कोहली ने शानदार पारी खेली थी. खैर अब तीसरा वनडे देखने के लिए फैंस को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा. दोनों टीमों के बीच तीसरा मैच मुकाबला गुरुवार, 10 नवंबर को खेला जाएगा.
तीसरा वनडे मैच कहां खेला जाएगा?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहला वनडे मैच ईडन पार्क, ऑकलैंड में खेला गया था. दूसरा मैच वेलिंगटन में हुआ था. दोनों पिचों पर अभी तक बड़ा स्कोर नहीं बन पाया है. दोनों टीमों के बीच तीसरा वनडे मैच सेडन पार्क, हैमिल्टन में होगा. वैसे रिकॉर्ड देखा जाए तो हैमिल्टन में खूब रन बनते हैं. भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुछ हफ्ते पहले वहां पर टी20 मुकाबला हुआ था. दोनों टीमों ने अच्छा स्कोर बनाया था.
कब शुरू होगा मुकाबला?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अभी तक हुए दोनों वनडे मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 7:30 बजे से शुरू हुए थे. तीसरा वनडे भी 7:30 बजे से ही स्टार्ट होगा. इसके आधे घंटे पहले दोनों टीमों के कप्तान टॉस के लिए ग्राउंड पर उतरेंगे. न्यूजीलैंड के लोकल टाइमजोन को देखा जाए तो मुकाबला दिन में 3:00 बजे शुरू होगा.
किस चैनल पर लाइव आएगा मैच?
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे मुकाबला सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव देखा जा सकता है. वहां पर इंग्लिश, हिंदी और अन्य भाषाओं में कमेंट्री उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा मैच को डीडी स्पोर्ट्स चैनल पर भी प्रसारित किया जाएगा. दर्शक फ्री में वहां इस मुकाबले को देख सकते हैं. इसके लिए फैंस को कोई फीस नहीं देनी होगी.