IND vs NZ: भारतीय टीम ने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक ऐसी उपलब्धि हासिल कर ली है, जो अब तक किसी दूसरी टीम के नाम नहीं थी. न्यूजीलैंड को हराते ही भारत 200 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया. खास बात यह रही कि यह ऐतिहासिक जीत भारत के 300वें टी20 इंटरनेशनल मैच में आई. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने जीत का नया मुकाम हासिल करने के साथ कई पुराने रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिए.
मैच में एक समय भारतीय टीम की स्थिति काफी मुश्किल हो गई थी. 70 रन के भीतर पांच विकेट गिरने के बाद जीत की राह आसान नहीं थी, लेकिन तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने अहम साझेदारी कर मैच का रुख बदल दिया. दोनों के प्रयासों से भारत ने 181 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया.
भारत का सफल रन चेज बना खास रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने 70 रन तक पहुंचने से पहले ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद भी भारतीय खिलाड़ियों ने हार नहीं मानी और लक्ष्य तक पहुंचकर मुकाबला अपने नाम कर लिया. टी20 इंटरनेशनल में पांच विकेट 70 या उससे कम रन पर गिरने के बावजूद सफल रन चेज के मामले में भारत का 181 रन का लक्ष्य हासिल करना दूसरा सबसे बड़ा प्रदर्शन है.
इस रिकॉर्ड में भारत से आगे पापुआ न्यू गिनी की टीम है. उसने 2022 में सिंगापुर के खिलाफ महज 53 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए 204 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था.
भारत ने श्रीलंका का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली जीत के साथ भारत ने इस सूची में श्रीलंका को पीछे छोड़ दिया. श्रीलंका ने 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 40 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद 174 रन का लक्ष्य हासिल किया था. भारत ने 70 रन पर पांच विकेट खोने के बावजूद 181 रन बनाकर इस आंकड़े को पार कर लिया.
इस सूची में पाकिस्तान और रोमानिया की टीमों के नाम भी सफल रन चेज दर्ज हैं. पाकिस्तान ने 2015 में श्रीलंका के खिलाफ 40 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद 173 रन का लक्ष्य हासिल किया था. वहीं, रोमानिया ने 2025 में ऑस्ट्रिया के खिलाफ 65 रन पर पांच विकेट गिरने के बावजूद 172 रन बनाकर जीत दर्ज की थी.