Team India Squad Against Pakistan: हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला होने जा रहा है. दोनों टीमों के बीच बड़ा इतिहास रहा है और जब भी वे क्रिकेट के मैदान पर आमने-सामने होती हैं, तो मनोरंजन दोगुना हो जाता है. टीम इंडिया ने हांगकांग सिक्सेस के इस संस्करण के लिए मजबूत टीम भेजी है. क्रुणाल पांड्या समेत कई बड़े खिलाड़ी टीम इंडिया की जर्सी में खेलते नजर आएंगे. आइए टीम इंडिया के स्क्वाड और पाकिस्तान के खिलाफ मैच से जुड़ी डिटेल्स पर नजर डालते हैं.
पाकिस्तान के खिलाफ कैसा है टीम इंडिया का स्क्वाड?
हांगकांग सिक्सेस 2026 में क्रुणाल पांड्या टीम इंडिया की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे. जब टीम का ऐलान हुआ था, तो भुवनेश्वर कुमार को कप्तान नियुक्त किया गया था. हालांकि, भुवी का न्यूजीलैंड के खिलाफ T20I सीरीज के लिए चयन हो गया. इस वजह से वह हांगकांग सिक्सेस से बाहर हो गए और क्रुणाल पांड्या को जिम्मेदारी सौंपी गई.
टीम इंडिया के स्क्वाड में कुल 7 खिलाड़ी हैं. हांगकांग सिक्सेस 6-6 ओवरों का टूर्नामेंट है और सिर्फ 6
खिलाड़ी खेलते हैं. इसी वजह से टीमों का स्क्वाड छोटा होता है. भारत के स्क्वाड में पांड्या के अलावा नीतीश राणा, राहुल त्रिपाठी, राहुल तेवतिया, शशांक सिंह, टी नटराजन और कुलवंत खेजरोलिया हैं. भुवनेश्वर कुमार के रिप्लेसमेंट के रूप में कुलवंत टीम में शामिल हुए हैं.
कब और कहां देख पाएंगे IND vs PAK मैच?
30 अक्टूबर यानी आज से हांगकांग सिक्सेस की शुरुआत हो गई है. खबर लिखे जाने तक टूर्नामेंट के तीन मैच हो गए हैं. ऑस्ट्रेलिया ने हांगकांग को 28 रनों से हराया, वहीं स्कॉटलैंड ने बांग्लादेश के खिलाफ जीत दर्ज की. UAE ने ग्रुप C के मैच में पाकिस्तान को 1 विकेट से हरा दिया.
पाकिस्तान और भारत ग्रुप C का हिस्सा हैं और दोनों टीमों के बीच मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड में मैच खेला जाएगा. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह 11:45 बजे शुरू होगा. इस मुकाबले का लाइव प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनल पर होगा, वहीं ऑनलाइन फैंस इसे फैनकोड ऐप पर देख सकते हैं.
भारत के खिलाफ मैच के लिए पाकिस्तान का स्क्वाड?
हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए पाकिस्तान ने भी मजबूत स्क्वाड तैयार किया है. अब्बास अफरीदी टीम की कप्तानी करते हुए नजर आएंगे. स्क्वाड में खवाज नफे के रूप में एक विकेटकीपर शामिल है. इसके अलावा अब्दुल समद, साद मसूद, मुहम्मद शहजाद, अहमद दानियाल और इरफान खान पाकिस्तान की टीम का हिस्सा हैं. पाक की टूर्नामेंट में शुरुआत बेहद निराशाजनक रही है और अब उन्हें आगे बढ़ने के लिए जीत की पटरी पर लौटना होगा.