IND vs NZ: भारतीय क्रिकेट टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में मैदान पर उतरी है. ये मुकाबला हेगले ओवल क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है. जहां पर टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का बड़ा अहम फैसला किया. इस मुकाबले की प्लेइंग 11 में टीम इंडिया ने 2 बड़े बदलाव किए. चोटिल होने के कारण ईशान किशन टीम से बाहर हो गए. वहीं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी को आखिरकार प्लेइंग 11 में अब जगह मिली है. इस मुकाबले में टीम इंडिया ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया है.
टीम इंडिया ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
टी-20 फॉर्मेट में अब तक टीम इंडिया सबसे ज्यादा 3 बार वर्ल्ड चैंपियन बनी है. हाल के समय में इस फॉर्मेट को भारतीय टीम बहुत ज्यादा खेलते हुए नजर आ रही है. इसी के कारण अब टीम इंडिया ने टी-20 इंटरनेशनल में 300 मैच पूरे कर लिए हैं. ऐसा करने वाली टीम इंडिया अब दूसरी टीम बन गई है. भारत से पहले ये पाकिस्तान की टीम भी कर चुकी है. पाकिस्तान की टीम ने अब तक 304 टी-20 मुकाबले खेले हैं. ऐसे में टीम इंडिया का अगला लक्ष्य इस लिस्ट में पाकिस्तान को भी पीछे छोड़ने का है.
इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड की टीम नजर आ रही है. कीवी टीम ने अब तक 269 टी-20 मैच खेले हैं. वहीं लिस्ट में चौथे नंबर पर नजर आ रही वेस्टइंडीज के नाम कुल 260 मैच हैं. वहीं श्रीलंका की टीम ने अब तक 243 मैच खेले हैं. टी-20 फॉर्मेट फिलहाल सभी टीमों की पहली प्राथमिकता नजर आती है. सभी टीमें फिलहाल ज्यादा से ज्यादा टी-20 मुकाबले खेलना चाहती है. जिसके कारण ही ज्यादा से ज्यादा टी-20 सीरीज होने लगी है.
भारतीय गेंदबाजों ने किया अच्छा प्रदर्शन
टॉस जीतकर टीम इंडिया पहले गेंदबाजी करने उतरी. न्यूजीलैंड की टीम को इस मुकाबले में बहुत ही खराब शुरुआत मिली. लेकिन उसके बाद बेवन जैकब्स और ग्लेन फिलिप्स ने बहुत ही शानदार पार्टनरशिप की और टीम का शानदार कमबैक कराया. ग्लेन फिलिप्स ने 43 गेंदों में 70 रनों की शानदार पारी खेली. वहीं जैकब्स ने भी 46 गेंदों में 58 रन बनाए. जिसके कारण ही न्यूजीलैंड की टीम ने 20 ओवरों में 5 विकेट गंवाकर 180 रन बना चुकी है. टीम इंडिया के लिए नीतीश कुमार रेड्डी, प्रिंस यादव और भुवनेश्वर कुमार ने 1-1 विकेट झटका है. वहीं अर्शदीप सिंह को 2 सफलता मिली है.
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
न्यूजीलैंड : फिन एलन, टिम सेफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, माइकल ब्रेसवेल, मिचेल सेंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन.
इंडिया: संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव.