New Zealand Squad: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से वनडे सीरीज शुरू होने जा रही है. इस सीरीज की शुरुआत में सिर्फ 2 दिन का समय है और न्यूजीलैंड टीम को बड़ा झटका लगा है. उनके दो स्टार क्रिकेटर मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र चोटिल होने के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं. दोनों समय पर रिकवर नहीं कर पाए, जिस वजह से वह भारत के खिलाफ वनडे में नहीं उतरेंगे. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने आधिकारिक रूप से उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है.
न्यूजीलैंड के दो स्टार खिलाड़ी हुए बाहर
मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र चोटिल होने के कारण T20I सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाए थे. हालांकि, उन्हें वनडे स्क्वाड में शामिल किया गया था. उम्मीद लगाई जा रही थी कि दोनों ही एकदिवसीय श्रृंखला तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे. चैपमैन को यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग में चोट आई थी और हालिया MRI से पता लगा कि उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए दो और हफ्ते लगेंगे.
रचिन रवींद्र को एक प्रमोशनल शूट के दौरान चोट लगी थी. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बताया है कि उन्हें भी पूरी तरह ठीक होने में अभी समय लगेगा और वह वनडे सीरीज का हिस्सा नहीं बन पाएंगे.
न्यूजीलैंड ने किया रिप्लेसमेंट का ऐलान
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट अंतिम दो वनडे मैचों के लिए स्क्वाड का हिस्सा थे. मार्क चैपमैन के चोटिल होने के बाद टिम को शुरुआती तीन मुकाबलों के लिए भी स्क्वाड में जगह दी गई है. इसका अर्थ है कि वह पूरे 5 मैच खेलते नजर आएंगे. बता दें कि रचिन रवींद्र की जगह स्क्वाड में हेनरी निकोल्स और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट को शामिल किया गया. निकोल्स शुरुआती तीन वनडे मैचों में न्यूजीलैंड की टीम का हिस्सा होंगे, वहीं अंतिम दो मैचों में डीन स्क्वाड का हिस्सा होंगे.
मैट फिशर को भी शुरुआती तीन वनडे मैचों के लिए न्यूजीलैंड के स्क्वाड में शामिल किया गया है. मैट हेनरी अंतिम तीन T20I मैचों से बाहर हो गए थे. अभी उनकी फिटनेस पर अपडेट नहीं आया है. फिशर को हेनरी के बैकअप के रूप में स्क्वाड में रखा गया है.
भारत के खिलाफ ODI सीरीज के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड
पहले तीन वनडे मैच के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डैरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग, ब्लेयर टिकनर.
अंतिम दो वनडे मैच के लिए न्यूजीलैंड का स्क्वाड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे (विकेटकीपर), निक केली, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), ब्लेयर टिकनर, विल यंग.