IND vs ENG: भारतीय टीम के कुछ बल्लेबाजों ने इंग्लिश दौरे पर अच्छा प्रदर्शन किया है। जिसमें से एक अनुभवी सलामी बल्लेबाज केएल राहुल हैं। राहुल ने इस दौरे के सभी टेस्ट मैचों में बल्ले के साथ अच्छा प्रदर्शन करके खुद को एक बार फिर से साबित कर दिया है। ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच की दूसरी पारी में अर्धशतक जड़ने वाले राहुल ने बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। राहुल मौजूदा समय में टीम इंडिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बन गए हैं।
केएल राहुल ने बड़ा रिकॉर्ड किया अपने नाम
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल ने इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 9 हजार रन पूरे कर लिए हैं। राहुल ने टेस्ट क्रिकेट में अभी तक 3744 रन तो वहीं वनडे में 3043 रन बनाए हैं। टी20आई में केएल के नाम 2265 रन दर्ज हैं। राहुल जिस अंदाज में खेल रहे हैं, वो आने वाले सालों में टीम इंडिया के सबसे शानदार बल्लेबाज बनने वाले हैं। इस सीरीज में भी राहुल लगातार रन बनाते हुए नजर आ रहे हैं। मैनचेस्टर टेस्ट की दूसरी पारी में टीम इंडिया ने जीरो के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिया था। उस समय केएल राहुल ने कप्तान शुभमन गिल के साथ मिलकर शानदार साझेदारी की। खबर लिखे जाने तक राहुल 68 रन बनाकर खेल रहे हैं, तो वहीं शुभमन गिल 71 रन बनाकर नाबाद हैं।
एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी में चमके केएल राहुल
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में केएल राहुल का बल्ला हर मुकाबले में चला है। राहुल ने पहले मैच में शतक जड़ा तो वहीं दूसरे मुकाबले में भी अर्धशतक ठोका था। तीसरे मैच में राहुल ने फिर शतक बनाया था। अब चौथे मुकाबले में भी उन्होंने 50+ रन बना दिए हैं। राहुल के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने भी ये कारनामा किया है। पंत ने इस सीरीज के सभी मैचों में 50+ का स्कोर बनाया है। पारी की हार से टीम इंडिया को बचाने के लिए राहुल को बड़ी पारी खेलनी होगी।