IND vs ENG: ओवल के मैदान से टीम इंडिया के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। पांचवें टेस्ट के लिए जो पिच तैयार की गई है उस पर पूरी तरह से हरी घास दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पिच की तस्वीर ने भारतीय खेमे में खलबली मचा दी है। बता दें कि इंग्लैंड ने पांचवें टेस्ट के लिए अपनी प्लेइंग 11 में चार तेज गेंदबाजों को जगह दी है।
ग्रीन पिच तैयार करके भारतीय बैटिंग ऑर्डर को तहस-नहस करने का इंग्लैंड ने मास्टर प्लान तैयार किया है। चौथे टेस्ट में इंडियन बैटर्स ने कमाल की बल्लेबाजी की थी और मैच को ड्रॉ कराने में सफल रहे थे। यही वजह है कि ओवल में इंग्लिश टीम ने हरी-भरी पिच रेडी करवाई है।
ओवल की पिच ने उड़ाए होश
टीम इंडिया के लिए ओवल के मैदान से अच्छी खबर सामने नहीं आ रही है। इंग्लैंड ने पांचवें और अहम टेस्ट मैच के लिए एकदम ग्रीन पिच तैयार की है। सोशल मीडिया पर ओवल पिच की जो तस्वीर वायरल हो रही है, उस पर भारी मात्रा में हरी घास दिखाई दे रही है।
ग्रीन पिच का मतलब है कि तेज गेंदबाजों के लिए जबरदस्त मदद। इंग्लैंड ने आखिरी टेस्ट के लिए जो अपनी प्लेइंग 11 चुनी है उसमें चार तेज गेंदबाजों को शामिल किया है। गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग को अंतिम ग्यारह में जगह दी गई है।
स्टोक्स के बिना उतरेगी इंग्लैंड
इंग्लैंड ओवल के मैदान पर अपनी नियमित कप्तान बेन स्टोक्स के बिना उतरेगी। स्टोक्स दाएं कंधे की इंजरी से जूझ रहे हैं, जिसकी वजह से वह आखिरी टेस्ट में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं होंगे। स्टोक्स की जगह पर जैकब बेथेल को टीम में शामिल किया गया है। इंग्लैंड ने चौथे टेस्ट में गेंदबाजों के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद अपने बॉलिंग अटैक को पांचवें टेस्ट के लिए पूरी तरह से बदल डाला है। जोफ्रा आर्चर को भी अंतिम ग्यारह में जगह नहीं दी गई है।