Ishan Kishan Century: भारत और अफगानिस्तान के बीच लखनऊ में दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है. इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों का जमकर बोलबाला रहा. रोहित शर्मा ने शुरुआत में 48 रन की पारी खेली और शुभमन गिल ने भी शतक जड़ा. इस मैच में ईशान किशन ने भी धमाकेदार बल्लेबाजी की और 1285 दिनों का सूखा खत्म करते हुए ताबड़तोड़ शतक जड़ा. किशन सालों के इंतजार के बाद टीम इंडिया के वनडे स्क्वाड में वापस आए थे और मौका मिलते ही उन्होंने इसका भरपूर फायदा उठाया.
ईशान किशन ने जड़ा जोरदार शतक
लखनऊ में खेले गए दूसरे वनडे में ईशान किशन बेहतरीन टच में नजर आए. उन्होंने शुभमन गिल के साथ शानदार तरीके से साझेदारी की और बड़े-बड़े शॉट लगाए. किशन ने 79 गेंदों में 125 रनों की शानदार पारी खेली. झारखंड के इस खिलाड़ी ने 158.23 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की और 14 चौके एवं 7 छक्के जड़े. किशन का यह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में दूसरा शतक रहा.
10 दिसंबर 2022 को ईशान किशन ने बांग्लादेश के खिलाफ 210 रनों की पारी खेली थी. यह उनके वनडे करियर का पहला शतक रहा था. उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ 125 रनों की पारी खेलकर 1285 दिनों का इंतजार खत्म किया और अपने करियर का दूसरा शतक जड़ा. ईशान ने धमाकेदार अंदाज में सेलिब्रेट किया और कप्तान गिल भी अपने साथी की शानदार बल्लेबाजी से खुश नजर आए.
शुभमन गिल ने भी मचाया तहलका
ईशान किशन के साथी शुभमन गिल ने भी शानदार बल्लेबाजी की. किशन से पहले उन्होंने शतक पूरा कर लिया था और इसके बाद भी उनका बल्ला नहीं रुका. उन्होंने 150 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया. लग रहा था कि गिल दोहरा शतक जड़ देंगे. हालांकि, 43वें ओवर में नांगेयलिया खरोटे की गेंद पर शॉट लगाने के चक्कर में गिल ने दर्विश रसूली को कैच थमा दिया. इसी के साथ गिल की 110 गेंदों में 154 रनों की पारी का समापन हो गया. उन्होंने इस इनिंग में 22 चौके और 2 छक्के जड़े.
ये भी पढ़ें:- IND vs AFG: इंग्लैंड दौरे से पहले रोहित शर्मा का धमाका, चोट की अटकलों पर लगाया खूबसूरत पारी से विराम!