Wayne Parnell: टी20 क्रिकेट का इतिहास 18 साल पुराना है. साल 2007 में टी20 इंटरनेशल की शुरुआत हुई थी. तब से लेकर अब तक इस फॉर्मेट में कई खिलाड़ी आए और गए. कुछ गुमनाम हो गए तो कुछ संन्यास के बाद भी फैंस के दिलों में बसे हुए हैं. इस बीच दक्षिण अफ्रीका और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के पूर्व ऑलराउंडर वेन पर्नेल ने अपनी ऑल-टाइम T20I इलेवन का ऐलान किया है. इस टीम में उन्होंने भारत के 4 स्टार खिलाड़ियों को जगह दी है, लेकिन गौर करने वाली बात ये रही कि पर्नेल ने न सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी को अपनी टीम में शामिल किया, बल्कि उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंपी.
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रहे वेन पर्नेल का कहना है कि धोनी उन चार सबसे कठिन बल्लेबाजों में से एक हैं, जिनका सामना उन्होंने अपने करियर में किया है. बतौर ओपनर प्लेइंग 11 में रोहित शर्मा और क्रिस गेल को चुना है. इसके अलावा पर्नेल की टीम में विराट कोहली, डिबिलियर्स जैसे दिग्गज शामिल हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में कई रिकॉर्ड बनाए और गेंदबाजों के लिए हमेशा बैकफुट पर रखा.
ओपनिंग जोड़ी- गेल- रोहित
पर्नेल ने पावर हिटिंग के लिए दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज क्रिस गेल को चुना, जो T20 क्रिकेट में 14,500 से ज्यादा रन बना चुके हैं. उनका साथ देंगे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा जो अपनी टाइमिंग और दमदार स्ट्रोकप्ले के लिए मशहूर हैं. ये जोड़ी किसी भी गेंदबाजी अटैक को तहस नहस कर सकती है.
मिडिल ऑर्डर में विराट-डिविलियर्स जैसे स्टार
नंबर 3 पर पर्नेल की पसंद उनके RCB साथी विराट कोहली रहे. कोहली T20 क्रिकेट के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिने जाते हैं. उनके बाद अफ्रीका के दिग्गज एबी डिविलियर्स को जगह मिली है, जिन्हें 360-डिग्री शॉट्स के लिए जाना जाता है.
पोलार्ड और रसेल जैसे ऑलराउंडर्स को जगह
मिडिल ऑर्डर को मजबूती देने के लिए पर्नेल ने वेस्टइंडीज के दो दिग्गज ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल को जगह दी है. पोलार्ड ने T20 क्रिकेट में 14,000 से ज्यादा रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 150 से ऊपर है, जबकि रसेल भी गेंद और बल्ले से तबाही मचाते हैं.
धोनी को डबल जिम्मेदारी दी
विकेटकीपर-बल्लेबाज एमएस धोनी को पर्नेल ने अपनी टीम का कप्तान भी बनाया है. उनके बाद ड्वेन ब्रावो को जगह मिली है, जिन्होंने T20 क्रिकेट में 600 से ज्यादा विकेट लिए हैं और लगभग 7000 रन भी बनाए हैं. मतलब ये कि पर्नेल की टीम दिग्गजों से सजी है.
गेंदबाजी में कौन-कौन शामिल?
वेन पर्नेल ने अपनी बेस्ट टी20 आई प्लेइंग 11 में स्पिन विभाग की कमान अफगानिस्तान के सुपरस्टार राशिद खान को सौंपी है, जो टी20 में 600 प्लस विकेट निकाल चुके हैं. जबकि पेस अटैक की जिम्मेदारी मुंबई इंडियंस की खतरनाक जोड़ी जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बौल्ट को सौंपी गई है.
पर्नेल की ऑल-टाइम T20 XI
क्रिस गेल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, एबी डिविलियर्स, कीरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल, एमएस धोनी (कप्तान), ड्वेन ब्रावो, राशिद खान, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट.