IND vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में कीवी खिलाड़ियों ने अपनी शानदार फील्डिंग से महफिल लूट ली. मैच के दौरान एक ऐसा कैच देखने को मिला, जिसने मैदान पर मौजूद दर्शकों के साथ-साथ क्रिकेट फैंस को भी हैरान कर दिया. भारतीय बल्लेबाज अक्षर पटेल ने न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर की गेंद पर बड़ा शॉट खेला, लेकिन बाउंड्री के पास फिन एलन ने अपनी फुर्ती से छक्का होने से रोक दिया. उन्होंने गेंद को मैदान के अंदर वापस उछाल दिया और डेरिल मिचेल ने कैच पूरा करके अक्षर की पारी खत्म कर दी.
बाउंड्री के पार जाने से पहले एलेन ने बचाया कैच
भारतीय पारी के दौरान यह शानदार नजारा उस समय देखने को मिला, जब अक्षर पटेल ने सैंटनर की गेंद पर आगे बढ़कर जोरदार प्रहार किया. गेंद काफी ऊंचाई पर गई और उसे देखकर लग रहा था कि वह आसानी से बाउंड्री के बाहर गिर जाएगी. हालांकि, लॉन्ग ऑन पर खड़े फिन एलन ने हार मानने के बजाय तेजी से गेंद की ओर दौड़ लगाई.
एलन ने बाउंड्री के बिल्कुल करीब पहुंचकर हवा में छलांग लगाई और गेंद को पकड़ लिया. लेकिन उनके सामने एक बड़ी चुनौती थी. उनका संतुलन बिगड़ रहा था और शरीर बाउंड्री के बाहर जाने वाला था. ऐसे में उन्होंने शानदार सूझबूझ का परिचय दिया. गेंद लेकर बाहर जाने के बजाय उन्होंने उसे हवा में ही वापस मैदान के भीतर उछाल दिया.
वहीं पास में मौजूद डेरिल मिचेल ने सही समय पर गेंद को लपक लिया. इस तरह दोनों खिलाड़ियों के तालमेल ने एक मुश्किल कैच को सफल बना दिया. अक्षर पटेल को निराश होकर पवेलियन लौटना पड़ा और भारतीय टीम को अहम विकेट का नुकसान हुआ.
भारत ने 4 विकेट से जीता मुकाबला
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए थे. न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने शानदार बल्लेबाजी की और 43 गेंदों में 70 रन बनाए थे. उनके अलावा बेवॉन जैकब्स ने 46 गेंदों में 58 रनों की पारी खेली थी.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को खराब शुरुआत मिली. लेकिन अंत में तिलक वर्मा और नितीश रेड्डी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच जीता दिया. तिलक ने 26 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए, जबकि नितीश ने 13 गेंदों में नाबाद 26 रनों की पारी खेली.