IND vs ENG: भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया चौथा टेस्ट मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ। वॉशिंगटन सुंदर और रविंद्र जडेजा के हौसलों के आगे इंग्लिश टीम पस्त हो गई। भारतीय टीम ने लगभग पांच सेशन बल्लेबाजी करते हुए ओल्ड ट्रैफर्ड में हार को टाल दिया। इस ड्रॉ को टीम इंडिया के लिए जीत से भी बड़ा माना जा रहा है। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड के पास 311 रनों की बढ़त थी। बेन स्टोक्स की सेना को भी इस टेस्ट मैच में अपनी जीत पक्की लग रही थी।
हालांकि, शुभमन गिल और केएल राहुल की पारी ने भारतीय टीम की वापसी की नींव रखी। इसके बाद सुंदर-जडेजा क्रीज पर खूंटा गाड़कर खड़े हो गए। हाथ से जीत फिसलने के बाद मैदान पर इंग्लिश टीम के खिलाड़ी बुरी तरह से तिलमिलाए नजर आए। स्टोक्स एंड कंपनी अकेले रविंद्र जडेजा के ऊपर मैच को जल्द ड्रॉ करने के लिए प्रेशर बनाती हुई नजर आई।
जडेजा पर बनाया दबाव
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें इंग्लिश खिलाड़ी रविंद्र जडेजा पर मैच को जल्द ड्रॉ पर खत्म करने का दबाव बनाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में इंग्लिश खिलाड़ी जडेजा से कहते हुए दिख रहे हैं कि वह हाथ मिलाकर मैच को खत्म करें। हालांकि, इसके जवाब में जड्डू कहते हैं कि वह इसमें कुछ भी नहीं कर सकते हैं। मगर फिर भी इंग्लिश प्लेयर्स जडेजा पर लगातार तंज कसते हुए दिखाई दिए। बेन डकेट ने जडेजा से कहा कि उन्हें और कितना समय चाहिए, क्या उन्हें एक घंटा और चाहिए? इसके जवाब में जड्डू ने कहा कि देखिए मैं यह नहीं कह सकता हूं कि मैं अब नहीं खेलूंगा।
खुद इंग्लिश कप्तान बेन स्टोक्स भी जडेजा पर प्रेशर बनाते हुए नजर आए। उन्होंने जड्डू से कहा कि क्या आप टेस्ट शतक हैरी ब्रूक के खिलाफ बनाना चाहते हैं? स्टोक्स ने आगे कहा कि जडेजा हाथ मिलाकर मैच को खत्म कीजिए। इस पर जड्जू ने वापस अपना जवाब रिपीट किया कि वह इसमें कुछ भी नहीं कर सकते हैं। हालांकि, जैक क्राउली ने जडेजा से कहा कि आप कर सकते हैं। आप हाथ मिला लीजिए बस मैच खत्म।
जड्डू-सुंदर ने जड़ा शतक
222 के स्कोर पर जब शुभमन गिल पवेलियन लौटे, तो एक बार को लगा कि आप बाजी टीम इंडिया से हाथ से फिसल जाएगी। हालांकि, इसके बाद रविंद्र जडेजा और वॉशिंगटन सुंदर ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 203 रनों की अटूट पार्टनरशिप जमाई। सुंदर ने अपने टेस्ट करियर का पहला शतक जमाया और वह 101 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, जडेजा ने 107 रनों की लाजवाब पारी खेली। कप्तान गिल ने 103 रन ठोके, तो केएल राहुल ने 90 रनों की शानदार पारी खेली।