Allegations Against Robin Das: इंग्लैंड के युवा क्रिकेटर रॉबिन दास पर कुछ गंभीर आरोप लगे हैं. जुलाई 2026 में उन पर यौन उत्पीड़न के इल्जाम लगे थे, जिस वजह से अब उन्हें कोर्ट में पेश होना पड़ेगा. बता दें कि रॉबिन दास इंग्लैंड में घरेलू क्रिकेट में एसेक्स के लिए खेलते हैं लेकिन आरोप लगने के बाद से ही वह टीम से सस्पेंड हैं. एसेक्स क्रिकेट क्लब ने साफ कर दिया है कि ECB, PCA और अन्य अधिकारियों के हाथ में अब यह मामला है. अगले महीने इन गंभीर आरोपों से जुड़े मामले में रॉबिन दास कोर्ट में पेश होंगे.
रॉबिन दास पर लगे गंभीर आरोप
24 साल के क्रिकेटर रॉबिन दास पर यौन उत्पीड़न के दो आरोप लगे हैं. इसी वजह से अब उन्हें 9 अक्टूबर को इनर लंदन क्राउन कोर्ट में पेश होना है. उन पर 23 जुलाई 2026 को आरोप लगे थे. ब्रिक्सटन में मार्च 2024 में एक महिला के साथ बलात्कार की रिपोर्ट सामने आई थी, जिसके बाद रॉबिन को पिछले साल 27 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था. यह मामला गंभीर है और अगर वह दोषी पाए गए, तो उन्हें जेल भी हो सकती है.
मेट्रोपोलिटन पुलिस ने अपनी स्टेटमेंट में कहा, ‘वॉल्टहैम फोर्ट के क्वीन्स रोड के निवासी रॉबिन दस पर 23 जुलाई को बलात्कार के दो आरोप लगाए गए थे. उन पर यह आरोप 27 अगस्त 2025 को गिरफ्तारी के बाद लगे हैं. पीड़ित महिला को अधिकारियों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है.’
एसेक्स ने अपनी स्टेटमेंट में क्या कहा?
एसेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब ने रॉबिन दास से जुड़े मामले पर बयान जारी किया. उन्होंने साफ कर दिया है कि आरोप लगने के बाद से ही उन्हें सस्पेंड कर दिया गया है. एसेक्स ने अपनी स्टेटमेंट में कहा, ‘एसेक्स काउंटी क्रिकेट क्लब इस बात की पुष्टि करता है कि प्लेइंग स्टाफ का एक सदस्य, जो अभी क्लब के साथ कॉन्ट्रैक्ट में है, वह हाल ही में कोर्ट में क्लब के बाहर एक गंभीर मामले को लेकर पेश हुए थे.’
एसेक्स ने लिखा, ‘क्लब लगातार ECB, PCA, क्रिकेट अधिकारियों और खिलाड़ी से इस मामले को लेकर संपर्क में है, जिसमें सस्पेंशन भी शामिल है. क्लब सभी कानूनी प्रक्रिया और मार्गदर्शन का पालन करना जारी रखेगा. अभी कानूनी प्रक्रिया जारी हैं और क्लब इस समय किसी भी तरह की टिप्पणी करने में असमर्थ है.’
कैसा है रॉबिन दास का रिकॉर्ड?
रॉबिन दास बांग्लादेशी मूल के इंग्लिश क्रिकेटर हैं. फरवरी 2002 में जन्मे रॉबिन ने अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 9 मैच खेले हैं और 25.15 के औसत से बल्लेबाजी करते हुए 327 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक शामिल है. लिस्ट A क्रिकेट में रॉबिन दास ने 29 मैचों में हिस्सा लेते हुए 805 रन बनाए. सीमित ओवरों के इस प्रारूप में उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक जड़े हैं. उन्होंने 21 जुलाई को मिडिलसेक्स के खिलाफ वनडे कप में अपना आखिरी मैच खेला था. इसके बाद से वह सस्पेंड चल रहे हैं.