Duleep trophy 2025: क्रिकेट में मौका मुश्किल से मिलता है और जब मौका मिले तो उस पर चौका लगा देना चाहिए. कुछ खिलाड़ी ऐसा कर पाते हैं, जबकि कुछ नहीं. इन दिनों दलीप ट्रॉफी में एक खिलाड़ी ने मौके का भरपूर फायदा उठाया और कुछ ऐसा किया जिसकी चर्चा हर तरफ है. ये वही खिलाड़ी है, जिसे शुभमन गिल की वजह से कप्तानी मिली. बतौर कप्तान उसने मैदान पर उतरकर शानदार शतक ठोक दिया. एक बार उसने क्रीज पर पैर रखे तो फिर हटने का नाम नहीं लिया. ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि अंकित कुमार हैं, जो दलीप ट्रॉफी 2025 में नॉर्थ जोन टीम को लीड कर रहे हैं.
अंकित कुमार ने ईस्ट जोन के खिलाफ चल रहे पहले क्वार्टरफाइनल की पहली पारी में सिर्फ 30 रन किए थे, लेकिन जब दूसरी पारी में बैटिंग का मौका आया तो उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी का नजारा पेश किया. दूसरी पारी में 264 बॉल पर 168 रन किए. जिसमें 16 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. वो ओपनिंग करने आए थे. उनके अलावा नॉर्थ जोन के लिए यश ढुल ने 157 बॉल पर 133 रन किए, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल थे.
अंकित कुमार और यश के शतक से नॉर्थ जोन की टीम मजबूत स्थिति में है. पहली पारी में उसने 405 रन बनाकर रियान पराग की कप्तानी वाली ईस्ट जोन को 230 रनों पर समेट दिया था. दूसरी पारी में नॉर्थ जोन तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट खोकर 388 रन बना लिए हैं. उसके पास 563 रनों की लीड हो चुकी है. चौथे दिन अंकित कुमार अपनी 168 रनों की पारी को दोहरे शतक में बदलना चाहेंगे, जबकि उनके साथ क्रीज पर मौजूद आयुष बदोनी 56 रन बनाकर खेल रहे हैं वो भी इसे शतक में तब्दील करने की कोशिश करेंगे.
गिल की वजह से कैसे मिली कप्तानी?
अब सवाल ये है कि आखिर अंकित को गिल की वजह से कप्तानी कैसे मिली. दरअसल, शुभमन गिल एशिया कप 2025 से पहले दलीप ट्रॉफी में खेलने वाले थे, वो नॉर्थ जोन के कप्तान चुने गए थे. लेकिन अचानक बीमार पड़ गए तो फिर अंकित को कप्तानी दी गई है. गिल को 4 सितंबर के दिन एशिया कप 2025 के लिए यूएई की उड़ान भरनी है. इससे पहले उन्हें अपनी फिटनेस भी साबित करनी है, इसके लिए वो बेंगलुरु गए हुए हैं.
अंकित कुमार का घरेलू क्रिकेट करियर कैसा है?
अंकित कुमार कुरुक्षेत्र के शाहाबाद से आते हैं. 27 साल का ये खिलाड़ी हरियाणा के लिए घरेलू क्रिकेट खेलता है.पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में वो टीम के सबसे सफल बल्लेबाज थे. इस बैटर ने अब तक 36 फर्स्ट क्लास मैच खेले, जिनमें 37.08 की औसत से 2151 रन किए. उनके नाम 5 शतक और 10 अर्धशतक हैं. वहीं लिस्ट ए के 27 मैचों में 41.24 के औसत से 1031 रन कूटे. जिसमें 3 शतक और 5 फिफ्टी हैं. वहीं टी20 के 21 मैचों में 459 रन किए हैं.