Cheteshwar Pujara: टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। पुजारा ने रविवार को लंबा-चौड़ा पोस्ट लिखते हुए अपने संन्यास का ऐलान कर दिया। टीम इंडिया की दीवार कहे जाने वाले पुजारा लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे थे। हालांकि, पुजारा ने अपने करियर के दौरान भारतीय टीम को कई मैचों में यादगार जीत दिलाई।
भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया की धरती पर दो बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को जीतने में सफल रहे, जिसमें पुजारा का बड़ा योगदान रहा। संन्यास के बाद पुजारा ने उन चार गेंदबाजों का नाम बताया है, जिन्होंने पूर्व भारतीय बल्लेबाज को सबसे अधिक परेशान किया।
इन 4 गेंदबाजों से खौफ खाते थे पुजारा
चेतेश्वर पुजारा ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत करते हुए उन चार गेंदबाजों के नाम का खुलासा किया, जिन्होंने करियर के दौरान उन्हें सबसे ज्यादा तंग किया।
पुजारा ने बताया, “मेरे करियर के दौरान डेल स्टेन, मोर्ने मोर्केल, जेम्स एंडरसन और पैट कमिंस वो गेंदबाज रहे, जिनका सामना करना मेरे लिए सबसे ज्यादा चैलेंजिंग रहा।” पुजारा ने अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान बड़े से बड़े दिग्गज गेंदबाजों को पानी पिलाया। पुजारा के आगे मिचेल स्टार्क, कगिसो रबाडा समेत कई विश्व स्तरीय बॉलर्स भी घुटने टेकते हुए नजर आए।
अचानक किया संन्यास का ऐलान
लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर चल रहे चेतश्वर पुजारा ने रविवार को अचानक इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। पुजारा ने भारत की ओर से कुल 103 टेस्ट मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 43 की औसत से खेलते हुए कुल 7195 रन ठोके। अपने टेस्ट करियर में पुजारा ने 19 शतक और 35 अर्धशतक जमाए।
इसके साथ ही उन्होंने खेले 5 वनडे मैचों में कुल 51 रन बनाए। विराट कोहली की कप्तानी में 2018 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टीम इंडिया ने पहली बार बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी को अपने नाम किया, जिसमें पुजारा का योगदान सबसे ज्यादा रहा। पुजारा ने इस सीरीज में खेले 4 टेस्ट मैचों की 7 पारियों में कुल 521 रन ठोके।