Champions trophy 2025: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के पहले मैच में पाकिस्तान का सामना न्यूजीलैंड से हुआ था। इस मैच में पाकिस्तान को हार सामना करना पड़ा था। वहीं, इस मैच के बाद अब पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका लगा है। कराची में टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच के दौरान धीमी ओवर गति के कारण मेजबान टीम पर मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
ICC ने सुनाया फैसला
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के उद्घाटन मैच में ब्लैक कैप्स के खिलाफ हार के बाद पाकिस्तान पर धीमी ओवर गति का जुर्माना लगाया गया है क्योंकि पाकिस्तान की टीम निर्धारित समय में अपने ओवर पूरे नहीं कर पाई थी।
इससे पहले मैदानी अंपायर रिचर्ड केटलबोरो और शारफुद्दौला, तीसरे अंपायर जोएल विल्सन और चौथे अंपायर एलेक्स व्हार्फ ने आरोप लगाए और मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट ने जुर्माना लगाया था। पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी कार्मिकों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2।22 के अनुसार,अगर टीम निर्धारित समय में गेंदबाजी करने में विफल रहती है तो खिलाड़ियों पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है।
भारत से होना है अगला मुकाबला
1996 के बाद पहली बार किसी आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रही पाकिस्तान को ग्रुप ए के अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 60 रनों से हार का सामना करना पड़ा। रिजवान और उनकी टीम अगले रविवार 23 फरवरी को दुबई में भारत के खिलाफ एक बहुप्रतीक्षित और जरूरी मुकाबले में मैदान में उतरेगी।