Dhanteras 2025: आज धनत्रयोदशी के दिन बाजारों में रौनक देखने को मिलती है. लोग खरीदारी करने के लिए निकलते हैं. धनतेरस पर लोग सोने-चांदी से लेकर महंगी-महंगी चीजें खरीदते हैं. इसके साथ ही धनतेरस पर झाड़ू अवश्य खरीदी जाती है. धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की परंपरा सदियों से चली आ रही है लेकिन बहुत ही कम लोग इसके पीछे के कारण के बारे में जानते हैं. चलिए आपको बताते हैं कि, धनतेरस पर झाड़ू खरीदना शुभ क्यों माना जाता है.
धनतेरस पर क्यों खरीदते हैं झाड़ू?
धनतेरस पर लोग कितनी भी महंगी और कीमती चीजें खरीदें लेकिन इस दिन झाड़ू जरूर खरीदते हैं. दरअसल, झाड़ू को मां लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि, धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने से घर में मां लक्ष्मी का वास होता है और आर्थिक स्थिति मजबूत होती है. इस दिन झाड़ू खरीदने से घर में सुख-समृद्धि बनी रहती है. घर में मां लक्ष्मी का स्थायी वास होता है. ऐसी भी मान्यता है कि, इस दिन झाड़ू खरीदने से कर्ज और समस्याओं से छुटकारा मिलता है.
धनतेरस पर कैसी झाड़ू खरीदें?
धनतेरस पर घर झाड़ू खरीदकर लाना शुभ माना जाता है. इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है. आपको धनतेरस पर फूल और सींक की झाड़ू ही खरीदनी चाहिए. आजकल बाजारों में प्लास्टिक की झाड़ू मिलती हैं. इन झाड़ू को न खरीदें. आपको टूटी हुई झाड़ू लेने से बचना चाहिए. आप इस दिन फूल और सींक की झाड़ू या दोनों खरीद सकते हैं.
धनतेरस पर पुरानी झाड़ू का क्या करें?
आप धनतेरस पर नई झाड़ू घर लाते हैं तो आपको पुरानी झाड़ू को घर से निकाल देना चाहिए. लेकिन इसे धनतेरस के दिन नहीं फेंकना चाहिए. घर में रखी टूटी हुई झाड़ू नेगेटिव एनर्जी को बढ़ाती है. आपको पुरानी झाड़ू को हटाकर रख देना चाहिए और इसे दिवाली के बाद ही फेंकना चाहिए. पुरानी झाड़ू को अमावस्या या शनिवार के दिन फेंकना चाहिए. धनतेरस के दिन नई झाड़ू को साफ-सफाई के लिए इस्तेमाल जरूर करें. आपको झाड़ू को साफ जगह पर रखना चाहिए. झाड़ू को कभी भी खड़ा करके नहीं रखना चाहिए. यह अशुभ माना जाता है.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित है और केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.