Bhishma Longevity Secrets: महाभारत केवल एक महाकाव्य नहीं, बल्कि जीवन के हर पहलू को समझाने वाला ज्ञान का विशाल महासागर है. इस महाकाव्य के शांति पर्व में पितामह भीष्म ने कुछ ऐसे कामों का उल्लेख किया है, जो व्यक्ति के जीवनकाल को घटा सकते हैं. यह जानकारी केवल धार्मिक दृष्टि से नहीं, बल्कि जीवनशैली और सावधानी के तौर पर भी महत्वपूर्ण मानी जाती है. कहते हैं, ये 7 सावधानियां भीष्म पितामह की लंबी उम्र के राज भी थे. आइए जानते हैं, ये सावधानियां क्या हैं?
देर तक सोना नुकसानदेह
महाभारत के अनुसार सूर्योदय के बाद भी सोते रहने से जीवनकाल कम हो सकता है. टूटी या ढीली खाट पर सोना भी हानिकारक बताया गया है. सही और नियमित समय पर सोना लंबे जीवन का संकेत माना गया है.
कुछ तिथियों पर स्त्री संसर्ग न करें
कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी, अष्टमी, अमावस्या और पूर्णिमा जैसे दिनों में स्त्री संग संबंध बनाना कम उम्र में मृत्यु का कारण बन सकता है. यह भीष्म के अनुसार मनुष्य के जीवन पर नकारात्मक प्रभाव डालता है.
नग्न होकर न नहाएं, न सोएं
नग्न होकर नहाना या सोना अशुभ माना गया है. साथ ही, मैले दर्पण में मुंह देखना और गर्भवती स्त्री के साथ समागम करना भी जीवन को छोटा कर सकता है. यह चेतावनी जीवन में सावधानी बरतने की याद दिलाती है.
खाते समय बोलने से बचें
भोजन के दौरान परोसे हुए भोजन की निंदा करना या बोलना आयु को घटा सकता है. जूठे मुंह पढ़ाई करना या घर से निकलना भी अशुभ माना गया है.
शाम को ये काम न करें
शाम के समय सोना, पढ़ना या भोजन करना हानिकारक है. रात को भारी भोजन करना भी जीवनकाल को प्रभावित करता है.
रात में कुछ चीजें न खाएं
रात को दही और सत्तू खाने से बचें. पलंग पर तिरछा सोना और सिर पर तेल लगाने के बाद उसी हाथ से दूसरे अंगों को छूना भी जीवनकाल घटा सकता है.
नाखून न चबाएं
गलत आदतों में शामिल नाखून चबाना और अशुद्ध रहना भी जल्दी मृत्यु का कारण बन सकता है. यह एक जीवनशैली और स्वच्छता का संकेत भी है.
महाभारत के अनुसार, ये सात सावधानियां जीवन को सुरक्षित और लंबे बनाने के लिए जरूरी मानी गई हैं. पितामह भीष्म की यह शिक्षा केवल धार्मिक दृष्टि से ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की आदतों और जीवनशैली में सुधार के लिए भी उपयोगी है.
डिस्क्लेमर: यहां दी गई जानकारी धार्मिक शास्त्र की मान्यताओं पर आधारित है और केवल सूचना के लिए दी जा रही है. News24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.