अंगकृष रघुवंशी को OUT दिए जाने पर मचा बवाल, जानें IPL में अब तक कितने बल्लेबाज हुए हैं 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' का शिकार?
Obstructing the Field: आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में KKR के युवा खिलाड़ी अंगकृष रघुवंशी के 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' के तहत आउट ने क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है. अंगकृष का इस विवादित तरीके से आउट दिए जाने पर आईपीएल में इस दुर्लभ नियम को फिर चर्चा में ला दिया है. आईपीएल इतिहास में अब तक 4 बल्लेबाज इसका शिकार हुए हैं.

Obstructing the field Dismissal in IPL: आईपीएल 2026 के 38वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' का शिकार होकर आउट हुए. अंगकृष को इस विवादित तरीके से आउट दिए जाने पर बवाल मच गया है और क्रिकेट जगत में नई बहस छेड़ दी है. हालांकि, अंगकृष IPL के इतिहास में ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड यानी फील्डिंग में बाधा डालने के चलते आउट होने वाले चौथे खिलाड़ी बन गए हैं. तो आइए जानते हैं अब तक कौन-कौन खिलाड़ी 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' से आउट हुए हैं.
1. युसूफ पठान
2 / 6आईपीएल के इतिहास में सबसे पहले 'ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड' का शिकार होने वाले बल्लेबाज युसूफ पठान थे. आईपीएल 2013 में कोलकाता नाइट राइडर्स और पुणे वॉरियर्स इंडिया के बीच रांची में खेले गए मैच में युसूफ ने एक शॉट खेलकर रन दौड़ने की कोशिश की. वहीं, जब गेंदबाज वेन पार्नेल गेंद को उठाने के लिए दौड़े, तो युसूफ ने पैर से गेंद को लात मार दी. इसे अंपायर ने फील्डिंग में बाधा माना और उन्हें आउट करार दिया.
2. अमित मिश्रा
3 / 6दिग्गज स्पिनर अमित मिश्रा का आउट होना काफी अजीबोगरीब था, जिसने उस वक्त सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी थीं. दरअसल, 2019 के सीजन में दिल्ली कैपिटल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद मुकाबले के अंतिम ओवर में रन लेने के लिए मिश्रा पिच के बीचों-बीच दौड़ने लगे. जब खलील अहमद ने थ्रो फेंका, तो गेंद सीधे उनकी पीठ पर जा लगी. हालांकि, वे जानबूझकर स्टंप्स के सामने आ गए थे, इसलिए थर्ड अंपायर ने उन्हें आउट करार दिया.
3. रवींद्र जडेजा
4 / 6दुनिया के सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में शुमार रवींद्र जडेजा भी 'ऑब्स्ट्रक्टिंग द फील्ड' का शिकार बन चुके हैं. आईपीएल 2024 में चेन्नई सुपर किंग्स बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच में जडेजा दूसरा रन चुराने की कोशिश कर रहे थे, तभी संजू सैमसन ने उन्हें रन आउट करने के लिए थ्रो मारा जो सीधे जडेजा को लगी. रिप्ले में देखा गया कि जडेजा ने थ्रो को देखने के बाद अपनी दिशा बदल ली थी ताकि गेंद स्टंप्स पर न लगे. थर्ड अंपायर ने चेक करने के बाद जडेजा को आउट करार दिया.
4. अंगकृष रघुवंशी
5 / 6इस लिस्ट में अब नया नाम कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा खिलाड़ी अंगकृष रघुवंशी का जुड़ गया है. आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स मैच में अंगकृष रन आउट से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वह फील्डर थ्रो के सामने आ गए और गेंद उनके पैर में जा लगी. हालांकि, इसमें उनकी कोई गलती नहीं थी. लेकिन अंपायर ने इसे खेल की भावना के खिलाफ मानते हुए 'ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड' तहत उन्हें आउट करार दिया.
क्या है 'ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड' नियम?
6 / 6क्रिकेट नियमों के अनुसार, अगर कोई बल्लेबाज जानबूझकर फील्डर के काम में बाधा डालता है या उसे रन आउट करने से रोकता है, तो उसे आउट करार दिया जाता है. यह क्रिकेट का नियम बहुत कम देखने को मिलता है, लेकिन जब भी आता है विवाद जरूर खड़ा करता है. आईपीएल के इतिहास में भी 'ऑब्सट्रक्टिंग द फील्ड' से आउट होना हमेशा से विवादित रहा है.