1 लीटर पानी फिल्टर करने में RO कितना पानी करता है बर्बाद? जानकर हो जाएंगे हैरान
आज के समय में हर एक घर में रिवर्स ओसमोसिस (RO) सिस्टम का इस्तेमाल होता है. अब तो सिर्फ शहरों में ही नहीं बल्कि गांवों में भी लोग अपने घरों में RO फिल्टर लगवा रहे हैं, लेकिन जहां एक तरह यह तकनीक साफ और सुरक्षित पानी देती है, वहीं दूसरी ओर इसके जरिए पानी की बर्बादी भी एक बड़ी चिंता का विषय बन गया है. क्या आपने कभी सोचा है कि सिर्फ 1 लीटर पानी को फिल्टर करने में RO मशीन कितने लीटर पानी बर्बाद कर देती है?

1 लीटर साफ पानी के लिए कितना पानी होता है बर्बाद?
2 / 8आमतौर पर एक घरेलू RO सिस्टम 1 लीटर पीने योग्य पानी तैयार करने के लिए करीब 2 से 3 लीटर तक पानी बर्बाद कर देता है यानी कुल मिलाकर 3 से 4 लीटर पानी का इस्तेमाल होता है, जिसमें से सिर्फ 1 लीटर पानी ही पीने के काम आता है.
पुराने RO में होती है ज्यादा बर्बादी
3 / 8कुछ पुराने या कम गुणवत्ता वाले RO सिस्टम में यह अनुपात और भी खराब हो जाता है. जहां एक लीटर साफ पानी के लिए 4 से 5 लीटर तक पानी वेस्ट हो जाता है.
आखिर RO में क्यों होती है इतनी बर्बादी?
4 / 8RO तकनीक में पानी को एक विशेष मेम्ब्रेन (झिल्ली) से गुजारा जाता है, जो अशुद्धियों को रोककर साफ पानी अलग कर देता है. इस प्रक्रिया में जो गंदगी और अशुद्धियां निकलती हैं, उन्हें बाहर निकालने के लिए अतिरिक्त पानी की जरूरत पड़ती है. यही कारण है कि RO सिस्टम में वेस्ट वॉटर निकलता है, जिसे आमतौर पर लोग बेकार समझकर बहा देते हैं.
जल सकंट पर असर
5 / 8भारत जैसे देश में जहां पहले से ही पानी की कमी एक गंभीर मुद्दा है, RO से होने वाली पानी की बर्बादी चिंता को और ज्यादा बढ़ा रही है. अगर हर घर में RO सिस्टम का उपयोग होता है और पानी इसी तरह बहाया जाता है, तो यह लाखों लीटर पानी की बर्बादी का कारण बन सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि जिन इलाकों में पानी पहले से ही साफ है, वहां RO का इस्तेमाल जरूरी नहीं है.
क्या हर जगह जरूरी है RO?
6 / 8हर जगह RO लगाना जरूरी नहीं होता है, अगर आपके इलाके का पानी TDS (Total Dissolved Solids) के हिसाब से सही है तो UV या UF फिल्टर भी पर्याप्त हो सकते हैं. RO सिस्टम खासतौर पर उन जगहों के लिए उपयोगी है, जहां पानी में घुलित अशुद्धियां अधिक होती हैं.
बर्बाद पानी का कैसे करें इस्तेमाल?
7 / 8RO से निकलने वाला पानी पूरी तरह से बेकार नहीं होता है. इसे कई घरेलू कामों में इस्तेमाल किया जा सकता है, जैसे फर्श पर पोछा लगाने, बर्तन धोने, कपड़े साफ करने में, पौधों को पानी देने आदि में इसका इस्तेमाल किया जा सकता है. इससे पानी की बर्बादी को काफी हद तक कम तो किया ही जा सकता है.
नई तकनीक से कम हो रही बर्बादी
8 / 8अब बाजार में ऐसे एडवांस RO सिस्टम भी आने लगे हैं जो कम पानी बर्बाद करते हैं. कुछ मॉडल्स में 1:1 या 1:2 का अनुपात देखने को मिलता है, यानी जितना पानी शुद्ध होता है, लगभग उतना ही वेस्ट होता है. इसके अलावा कुछ कंपनियां “Zero Water Wastage” तकनीक का दावा भी कर रही हैं, हालांकि यह पूरी तरह व्यावहारिक नहीं है.
