
1 / 7
Shree Charani Record: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा स्पिनर श्री चरणी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में काफी महंगी साबित हुई. चरणी ने अपने 10 ओवर के स्पेल में 106 रन लुटा दिए. इसी के साथ उनके नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी जुड़ गया.

2 / 7
IND W vs AUS W, Shree Charani Record: भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया का 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया. 1 मार्च को होबार्ट में खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 409 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया.

3 / 7
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई की और 50 ओवर में 7 विकेट पर 409 रन ठोक दिए. ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 98 गेंदों पर 158 रनों की पारी खेली. उनके साथ बेथ मूनी ने भी 106 रन की शानदार पारी खेली. इन दोनों की सेंचुरी ने मैच पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के नाम कर दिया.

4 / 7
वहीं, यह मैच भारतीय गेंदबाज श्री चरणी के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा. चरणी ने अपने 10 ओवर में 106 रन लुटा दिए और 2 विकेट लिए. उन्होंने 9 ओवर में 84 रन दिए और आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने कुल 22 रन बटोर लिए. इसी के साथ चरणी के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड जुड़ गया. वह भारत (मेंस + वुमेंस) की ओर से वनडे में सबसे महंगा स्पेल डालने वाली गेंदबाज बन गईं.

5 / 7
इस मामले में चरणी ने सबसे महंगे स्पेल करने वाले भारतीय गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. भुवनेश्वर ने साल 2015 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 10 ओवर में 106 रन दिए थे. वहीं, युजवेंद्र चहल ने 2020 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 10 ओवर में 89 रन लुटाए थे.

6 / 7
इसी मैच में दीप्ति शर्मा ने भी 10 ओवर में 90 रन खर्च किए और वह भारत की ओर से महिला वनडे में दूसरा सबसे महंगा स्पेल डालने वाली गेंदबाज बन गईं. इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर प्रिया मिश्रा का नाम है, जिन्होंने 2024 में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 88 रन दिए थे.

7 / 7
मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन यह फैसला टीम पर भारी पड़ गया. 409 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम लड़खड़ा गई और 185 रन से मैच हार गई. पूरी सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एकतरफा प्रदर्शन किया और 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली.